उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

हाईवे से जोड़ने की साजिश में पुश्तैनी आबादी पर अतिक्रमण, पीड़ित ने प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

जौनपुर के कुल्हनामऊ गांव में ग्रामसभा भूमि पर कब्जे का आरोप, धारा 67 की कार्रवाई पर उठे सवाल

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम कुल्हनामऊ में राष्ट्रीय राजमार्ग-56 से सटी ग्रामसभा भूमि पर अवैध अतिक्रमण का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित राकेश मिश्रा पुत्र शिवशंकर मिश्रा ने आरोप लगाया है कि प्रभावशाली पड़ोसी द्वारा उनकी पुश्तैनी आबादी पर कब्जा करने और उन्हें बेदखल करने की साजिश रची जा रही है।

पीड़ित के अनुसार उनकी पुश्तैनी आबादी आराजी संख्या 535 में स्थित है, जहां उनके पूर्वजों द्वारा निर्मित मकान और घूर-चरनी मौजूद है। जीवन यापन के लिए उनके पास मात्र 0.60 हेक्टेयर कृषि भूमि है, जो अन्य खातेदारों के साथ संयुक्त खाते में दर्ज है। वे ब्राह्मण जाति से हैं और धार्मिक कर्मकांड कराकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

बताया गया कि पड़ोसी मनोज कुमार मिश्र, जो पेशे से अधिवक्ता हैं और कलेक्ट्रेट बार के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं, की भूमि आराजी संख्या 534 पीड़ित की आबादी के उत्तर दिशा में स्थित है। राष्ट्रीय राजमार्ग-56 के चौड़ीकरण के दौरान ग्रामसभा की आराजी संख्या 535 का एक हिस्सा सड़क में चला गया, जिससे शेष भूमि हाईवे से सट गई।

धारा 67 की कार्रवाई का आरोप

पीड़ित का आरोप है कि अपनी भूमि को एनएच-56 से जोड़ने के उद्देश्य से विपक्षी द्वारा ग्रामसभा की आराजी संख्या 535 पर अवैध कब्जा किया जा रहा है। इसी साजिश के तहत प्रभाव का प्रयोग कर पीड़ित के विरुद्ध धारा 67 की कार्रवाई कराई गई। साथ ही खाली भूमि पर मिट्टी डालकर बैठका बनवाते हुए होटल निर्माण की तैयारी की जा रही है।

मकान से सटाकर मिट्टी डालने का आरोप

पीड़ित ने बताया कि बेदखली की कार्यवाही विचाराधीन होने के बावजूद विपक्षी द्वारा उनके मकान की दीवार से सटाकर मिट्टी डाल दी गई, जिससे पूरा क्षेत्र गड्ढे में तब्दील हो गया। कई बार प्रार्थना पत्र देने के बावजूद पुलिस और तहसील प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे प्रशासनिक संरक्षण का आरोप भी लगाया गया है।

रात में जेसीबी से मिट्टी डालने की आशंका

वर्तमान में लगभग 100 ट्राली मिट्टी आराजी संख्या 535 में इकट्ठा कर ली गई है। पीड़ित को आशंका है कि देर रात जेसीबी से उनके मकान और सहन से सटे क्षेत्र में मिट्टी डालकर स्थायी अतिक्रमण किया जा सकता है।

निष्पक्ष जांच की मांग

पीड़ित ने स्वयं को गरीब और निरीह बताते हुए सक्षम अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कराए जाने तथा आराजी संख्या 535 में चल रहे अतिक्रमण और बेदखली प्रकरण की विधिक जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।

अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस गंभीर प्रकरण में कब संज्ञान लेकर पीड़ित को न्याय दिलाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button