जौनपुर में महिला दिवस पर एंडोमेट्रियोसिस जागरूकता रैली, डॉक्टरों ने दी जांच की सलाह

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जौनपुर ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी सोसाइटी (JOGS) की ओर से महिलाओं में तेजी से बढ़ रही बीमारी एंडोमेट्रियोसिस के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए रविवार सुबह एक विशेष जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
रैली की शुरुआत सुबह 6:30 बजे लोहिया पार्क से हुई, जिसमें डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ, मेडिकल छात्रों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली में शामिल प्रतिभागियों ने पीले रंग के वस्त्र और सफेद कैप पहनकर महिलाओं के स्वास्थ्य और जागरूकता का संदेश दिया। पूरे मार्ग में महिलाओं के स्वास्थ्य, सम्मान और समय पर उपचार को लेकर जागरूकता से जुड़े नारे लगाए गए। साथ ही लोगों को एंडोमेट्रियोसिस के लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में जानकारी दी गई।
JOGS की अध्यक्ष डॉ. अंजू कन्नौजिया ने कहा कि आज भी समाज में कई महिलाएं पीरियड्स के दौरान होने वाले असहनीय दर्द को सामान्य मानकर नजरअंदाज कर देती हैं, जबकि यह एंडोमेट्रियोसिस जैसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है। उन्होंने महिलाओं से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और समय-समय पर चिकित्सकीय जांच कराने की अपील की।
कार्यक्रम के सफल संचालन में JOGS की उपाध्यक्ष डॉ. अम्बर खान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम की संयोजक एवं सचिव डॉ. शैलि निगम ने कहा कि एंडोमेट्रियोसिस के प्रति हर महिला को जागरूक रहना चाहिए और अपने परिवार तथा समाज की अन्य महिलाओं को भी इसके लक्षणों और उपचार के बारे में जानकारी देनी चाहिए।
संस्था की पैट्रन डॉ. प्रियंबदा सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शकुंतला यादव ने बताया कि समय रहते जांच और सही उपचार से एंडोमेट्रियोसिस जैसी बीमारी को नियंत्रित किया जा सकता है।
इस अवसर पर डॉ. बीना त्रिपाठी ने भी महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पर जोर देते हुए कहा कि महिलाओं को प्राकृतिक जीवनशैली अपनाने के साथ-साथ नियमित स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए और किसी भी समस्या को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
कार्यक्रम की प्रशासनिक व्यवस्थाओं में संस्था के विभिन्न पदाधिकारियों का सहयोग रहा, जबकि आर्थिक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी कोषाध्यक्ष डॉ. शिल्पी सिंह ने संभाली। इसके अलावा लाइब्रेरियन डॉ. प्रियंका सिंह, क्लिनिकल सेक्रेटरी डॉ. शिखा शुक्ला और जॉइंट क्लिनिकल सेक्रेटरी डॉ. पूजा यादव ने भी आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।






