बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में दिखा जोश,खेल मैदान में गूंजा उत्साह,मंत्री,जनप्रतिनिधि व अफसरों ने किया दो दिवसीय प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: बी.आर.पी. इंटर कॉलेज के खेल मैदान में मंगलवार को 47वीं जिला स्तरीय दो दिवसीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक समारोह–2025 का भव्य आगाज हुआ। रंग-बिरंगे गुब्बारों, आकर्षक मार्च-पास्ट और आतिशबाजी के बीच हुए उद्घाटन समारोह में खेल प्रतिभाओं का जोश देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चन्द्र यादव एवं सदस्य विधान परिषद बृजेश सिंह ‘प्रिंसू’ ने दीप प्रज्वलन कर किया इस मौके पर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र, पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ और एडी बेसिक शिक्षा हेमंत राव मौजूद रहे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी *डॉ. गोरखनाथ पटेल* ने अतिथियों का स्वागत कर स्मृति चिन्ह भेंट किए। इसके बाद अतिथियों ने गुब्बारे उड़ाकर तथा दौड़ प्रतियोगिता में क्लैपर बजाकर खेलों की औपचारिक शुरुआत कराई। तहसील स्तरीय टीमों द्वारा प्रस्तुत मार्च-पास्ट समारोह का मुख्य आकर्षण रहा।
मुख्य अतिथि मंत्री *गिरीश चन्द्र यादव* ने कहा कि खेल बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण की मजबूत नींव होते हैं। हार से निराश नहीं, बल्कि सीख लेकर आगे बढ़ना ही सच्चे खिलाड़ी की पहचान है। उन्होंने कहा कि सरकार बच्चों को खेल के माध्यम से आगे बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
एमएलसी *बृजेश सिंह ‘प्रिंसू* ने कहा कि टीम भावना और अनुशासन से ही ऐसे बड़े आयोजन सफल होते हैं और इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग व शिक्षकों की सराहना की।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ खेल में निखरती प्रतिभाएं ही विकसित भारत और विकसित जौनपुर की नींव रखेंगी। उन्होंने निरंतर अभ्यास को सफलता की कुंजी बताया।
600 मीटर दौड़ में खिलाड़ियों ने दिखाया दम
जूनियर बालिका वर्ग में रामनगर की बिन्दु पटेल ने प्रथम, करंजाकला की शिवांगी ने द्वितीय और मुफ्तीगंज की अलका यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
जूनियर बालक वर्ग में मुफ्तीगंज के आदित्य वर्मा प्रथम, महाराजगंज के अमन निषाद द्वितीय और सिकरारा के आर्यन यादव तृतीय स्थान पर रहे।
विजेता खिलाड़ियों को मंत्री व जिलाधिकारी द्वारा मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया
कार्यक्रम का संचालन खंड शिक्षा अधिकारी *रमेश चन्द्र पटेल और नुपुर श्रीवास्तव* ने किया। इस अवसर पर बी.आर.पी. इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. प्रमोद श्रीवास्तव सभी खंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षक संघों के पदाधिकारी, एआरपी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक व खेल शिक्षक मौजूद रहें!






