आजादी के दशकों बाद भी सड़क से वंचित लोनार गांव 1200 मीटर कच्चे रास्ते ने ग्रामीणों की जिंदगी बनाई मुसीबत

जन एक्सप्रेस/अमेठी: विकास के दावों और सरकारी योजनाओं के बावजूद तहसील तिलोई के विकासखंड सिंहपुर की ग्राम पंचायत खारा का लोनार गांव आज भी पक्की सड़क की सुविधा से वंचित है। खारा से लोनार गांव तक लगभग 1200 मीटर लंबा रास्ता आज भी कच्चा और जर्जर बना हुआ है, जो बरसात के दिनों में पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाता है।
गांव में करीब 10 परिवारों के लगभग 50 से 60 लोग निवास करते हैं। बरसात के मौसम में यह कच्चा रास्ता ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन जाता है। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को अस्पताल, स्कूल तथा जरूरी कार्यों के लिए आने-जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार बीमार व्यक्तियों को कीचड़ भरे रास्ते से किसी तरह बाहर ले जाना पड़ता है।ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया, लेकिन आज तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। विकास की बात करने वाली योजनाओं के बीच यह गांव अब भी मूलभूत सुविधा सड़क के लिए तरस रहा है।रामराज मौर्य, हरिद्वार पासी, संदीप, शिवनाथ, सुरेंद्र सहित अन्य ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अपील की है कि खारा से लोनार तक लगभग 1200 मीटर लंबे कच्चे रास्ते को जल्द से जल्द पक्का कराया जाए, ताकि गांव के लोगों को आवागमन की बुनियादी सुविधा मिल सके और बरसात के मौसम में होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण नहीं कराया गया तो यह समस्या भविष्य में और गंभीर रूप ले सकती है। अब ग्रामीणों की नजर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर टिकी है कि आखिर कब लोनार गांव को पक्की सड़क की सुविधा मिल पाएगी।






