उत्तर प्रदेशबहराइच

सेना में चयन पाने से विफल युवक ने गोली मारकर की खुदकुशी

पांचवें प्रयास में मिली सफलता, मेडिकल परीक्षण में निरस्त हुआ चयन  

जन एक्सप्रेस/संवाददाता 

बहराइच। पांच बार के प्रयास में इस बार सेना में चयन हुआ लेकिन पैर पर काला निशान होने पर चयन निरस्त हो गया जिससे निराश होकर युवक ने खुद को गोली मार ली। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कोतवाली देहात अंतर्गत ग्राम आदिलपुर निवासी रोहित शर्मा ( 23 ) पुत्र उमेश चंद्र शर्मा सेना में जाने के लिए तैयारी करता था। चाचा कुलदीप शर्मा ने बताया कि सेना में जाने के लिए रोहित शर्मा ने पांच बार परीक्षा दी थी। इस बार उसका नाम एसएससी जीडी भर्ती में आ गया था। बीते शुक्रवार को बिजनौर में दौड़ समेत अन्य सभी मेडिकल निकाल लिया।

लेकिन पैर में काला दाग होने के चलते उसे लखनऊ बुलाया गया। बुधवार को युवक लखनऊ में सेना के अस्पताल में मेडिकल जांच कराने गया। लखनऊ कैंट स्थित सेना के अस्पताल में रोहित का मेडिकल हुआ। लेकिन पैर में दाग होने के चलते उसे बाहर कर दिया गया। इस पर हताश युवक रात में लखनऊ से घर आया।

सुबह रोहित ने मार्निग वाक से लौटकर वह घर आया। लाइसेंसी असलहे से खुद के सीने में गोली मार कर जान दे दी। इससे हड़कंप मच गया। परिवार के लोग युवक को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। मेडिकल कॉलेज के ईएमओ डॉ. रामेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि युवक की मौत गोली लगने से हुई है। उन्होंने बताया कि उसे मृत लाया गया था।

डॉक्टर की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रभारी थानाध्यक्ष एसके त्रिपाठी ने बताया कि युवक की मौत गोली लगने से हुई है। मृतक के पिता उमेश चंद्र शर्मा ने बताया कि पुत्र रोहित सेना में ही जाना चाहता था। वह पांच बार सेना की परीक्षा में शामिल हो चुका है। इस बार नाम आया था, तो उसे खुशी हुई थी। लेकिन काले दाग के चलते मेडिकल टीम ने बाहर कर दिया। जिस पर उसने गोली मार ली। इस घटना से मृतक के परिवार में मातम का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button