उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

जौनपुर में फर्जी जन्म प्रमाणपत्र गैंग का भंडाफोड़

जौनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई पांच सदस्य गिरफ्तार, नौ मोबाइल और चार लैपटॉप बरामद

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर जलालपुर जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्रों की फर्जीबाड़ी कर आम लोगों से मोटी रकम ऐंठने वाले अन्तरराज्यीय गैंग का जौनपुर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने गैंग के पाँच सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 09 एंड्रायड मोबाइल और 04 लैपटॉप बरामद किए हैं। गैंग बिहार, यूपी और दिल्ली-एनसीआर तक फैला था और पंचायत पोर्टल की आईडी हैक कर फर्जी दस्तावेज तैयार करता था।

मामला तब सामने आया जब असबरनपुर निवासी रतन कुमार ने 22 नवंबर 2025 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी का जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के लिए दिए गए दस्तावेजों के आधार पर विजय यादव नामक युवक ने फर्जी प्रमाणपत्र थमा दिया। CMO ऑफिस से सत्यापन कराने पर जालसाजी का खुलासा हुआ। जांच में पता चला कि विनय यादव नामक व्यक्ति के गिरोह ने मिलकर यह फर्जीवाड़ा किया है।

शिकायत के आधार पर मु.अ.सं. 426/2025 धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) BNS व 66D आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दो टीमों ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। पहली टीम ने नहोरा सई नदी के पास से अंकित यादव और राजकुमार उर्फ विक्की को तीन मोबाइल व एक लैपटॉप सहित गिरफ्तार किया। दूसरी टीम ने बाकराबाद हाईवे तिराहे से राशिद, राजीव कुमार और अभिषेक गुप्ता को छह मोबाइल व एक लैपटॉप के साथ दबोचा।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पंचायत आईडी का पासवर्ड ट्रायल के जरिए प्राप्त कर AnyDesk पर स्क्रीन शेयरिंग से सिस्टम एक्सेस करते थे और सरकारी पोर्टल से फर्जी प्रमाणपत्र तैयार करते थे। गिरफ्तार अभिषेक गुप्ता पर साइबर क्राइम उन्नाव में भी मामला दर्ज है।

पुलिस टीम में उ.नि. मोहन प्रसाद, उ.नि. अनिल तिवारी सहित साइबर क्राइम जौनपुर की टीम शामिल रही। पुलिस अब गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button