उन्नाव में किसान महापंचायत, टिकैत बोले-पूंजीपतियों ने देश पर किया कब्जा, रोटी भी बाजार की वस्तु बनेगी

जन एक्सप्रेस उन्नाव। नार्मल स्कूल मैदान में गुरुवार को किसान महापंचायत का आयोजन हुआ। इसमें भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने शिरकत की। टिकैत ने कहा कि पूंजीपतियों ने देश पर कब्जा कर लिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि रोटी भी बाजार की वस्तु बनने जा रही है। उनका कहना था कि सरकार कृषि सुधारों के नाम पर किसान हितों की अनदेखी कर रही है। बता दे कि किसान नेता ने किसानों से एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसानों के मजबूत रहने पर ही सरकार झुकेगी। टिकैत ने आरोप लगाया कि सरकार केवल बड़े उद्योगपतियों के हित में नीतियां बना रही है। इससे किसान, मजदूर और आम जनता को नुकसान हो रहा है। महापंचायत में औरंगजेब पर भी चर्चा हुई। टिकैत ने उन्हें आक्रांता बताते हुए सवाल किया कि उनकी कब्र भारत में क्यों है। उन्होंने व्यंग्य किया कि अगर कब्र को इतना दिखाना है तो उसे बीजेपी मुख्यालय में ले जाकर वहीं पूजा करें। टिकैत ने स्पष्ट किया कि किसान आंदोलन अभी समाप्त नहीं हुआ है। उन्होंने एमएसपी की कानूनी गारंटी की मांग दोहराई। महापंचायत में हजारों किसानों ने हिस्सा लिया। सभी किसान नेताओं ने सरकार की नीतियों का विरोध किया। उन्होंने आने वाले समय में आंदोलन तेज करने का संकल्प लिया।






