बेहतर उपज देने वाले किसानों को मिलेगा सम्मान, 7 हजार तक इनाम; रजिस्ट्रेशन शुरू

जन एक्सप्रेस/ जौनपुर: जौनपुर भूतपूर्व प्रधानमंत्री व किसान नेता Chaudhary Charan Singh की जन्मतिथि 23 दिसंबर को हर वर्ष किसान सम्मान दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर कृषि व उससे जुड़े क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को जनपद व राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाता है। इसके लिए किसानों से पंजीकरण कराने की अपील की गई है।
कृषि विभाग के अनुसार किसानों की फसलों के क्रॉप कटिंग परिणाम के आधार पर प्रतियोगिता कराई जाती है। खरीफ और रबी फसलों में सर्वाधिक उत्पादकता प्राप्त करने वाले किसानों को जनपद स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले किसान को 7000 रुपये, द्वितीय स्थान पर 5000 रुपये, साथ ही प्रशस्ति पत्र व अंगवस्त्र देकर जनप्रतिनिधियों व जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया जाएगा। इस वर्ष जनपद में कुल 36 किसानों को पुरस्कार दिया जाएगा।
उप परियोजना निदेशक आत्मा डॉ. रमेश चंद्र यादव ने बताया कि आत्मा योजना के अंतर्गत 23 दिसंबर को आयोजित होने वाले किसान सम्मान दिवस के लिए रबी फसलों के किसानों का पंजीकरण शुरू हो गया है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे अपने उपज परिणाम निर्धारित प्रारूप में तैयार कर कृषि भवन में जमा कर रजिस्ट्रेशन कराएं।
उन्होंने बताया कि सर्वोच्च उत्पादकता प्राप्त करने वाले किसानों की सूची मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता वाली समिति से अनुमोदित होने के बाद प्रदेश स्तर पर भेजी जाती है। राज्य स्तर पर चयनित किसानों को मुख्यमंत्री द्वारा प्रथम पुरस्कार 1 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 75 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 50 हजार रुपये देकर सम्मानित किया जाता है। प्रदेश स्तर पर कुल 58 कृषकों को सम्मान दिया जाता है।






