आखिरकार छटा अंधेरा, जगदीश नारायण राय के प्रयासों से डारीडीह किशुनपुर में पहुंची रोशनी

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर आजादी के बाद से अंधेरे में डूबा विधानसभा जफराबाद डारीडीह किशुनपुर गांव की राजभर बस्ती आखिरकार रोशनी से जगमगाने जा रहा है। इस ऐतिहासिक क्षण का श्रेय जफराबाद के विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री जगदीश नारायण राय को जाता है, जिन्होंने अथक प्रयास कर इस असंभव दिखने वाले कार्य को संभव कर दिखाया।
ग्रामीण बताते हैं कि आजादी के 78 साल बाद भी उनके गांव तक बिजली नहीं पहुंची थी। कई बार विभागीय अधिकारियों से गुहार लगाई गई, लेकिन कार्यवाही के नाम पर सिर्फ आश्वासन ही मिलता रहा।
विधायक जगदीश नारायण राय ने सबसे पहले विभाग को लिखित पत्र भेजकर समस्या उठाई, लेकिन जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो उन्होंने इस गंभीर मामले को सीधे विधानसभा के पटल पर रखा। विधानसभा से जवाब आया कि प्रदेश के सभी गांवों का विद्युतीकरण पूरा हो चुका है। यह सुनकर विधायक हैरान रह गए। उन्होंने हार न मानते हुए इस मुद्दे को जनहित याचिका के रूप में विधानसभा में दायर किया।
जैसे ही यह मामला विधानसभा में गूंजा, अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में धनराशि स्वीकृत की गई और गांव के विद्युतीकरण की प्रक्रिया को गति दी गई।
आज विधायक जगदीश नारायण राय ने गांव पहुंचकर पूरे सम्मान के साथ विद्युतीकरण कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर ग्रामीणों के चेहरे पर वर्षों से अंधेरे के बीच संजोए सपनों की चमक साफ दिखाई दे रही थी।
ग्रामीणों ने विधायक का फूल-मालाओं से स्वागत किया और कहा कि “आज हमारे गांव का अंधेरा सचमुच मिट गया है। यह दिन हमारे लिए किसी पर्व से कम नहीं है।”
विधायक जगदीश नारायण राय ने कहा कि
“ग्रामीणों का अधिकार है कि उन्हें मूलभूत सुविधाएं मिले। बिजली हर घर की पहली जरूरत है। जब तक डारीडीह किशुनपुर पूरी तरह रोशन नहीं हो जाएगा, तब तक मैं चैन से नहीं बैठूंगा।”
आज से शुरू हुए इस कार्य के बाद उम्मीद है कि जल्द ही हर घर तक बिजली की रोशनी पहुंचेगी और गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़ जाएगा।






