लापरवाह बैंक अधिकारियों के खिलाफ दर्ज होगी एफआईआर, जिलाधिकारी

जन एक्स्प्रेस / हमीरपुर : कलेक्ट्रेट के डा० एपीजे अब्दुल कलाम मीटिंग हाल में जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने जिले के बैंकर्स के साथ सरकार की कल्याणकारी रोजगारपरक योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना, पीएमएफएमई योजना की समीक्षा की, इस दौरान जिलाधिकारी घनश्याम मीणा बैंकर्स के काम से बेहद खफा और नाराज दिखाई दिये। जिलाधिकारी ने बैंकर्स के कर्ज बंटवारे की योजनाओं के हालात बेहद खराब बताये। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जमा कर्ज अनुपात, वार्षिक कर्ज योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना, पीएमएफएमई योजना, एनपीए खातों की हालत, कृषक अवस्थापन निधि, आरसेटी की रफ़्तार के हालात के बारे में जानकारी ली। साथ ही कहा कि जिले का जमा कर्ज अनुपात बेहद खराब है, इसमें जल्द ही बेहद सुधार की जरूरत है। सरकार की कल्याणकारी रोजगारपरक योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना, पीएमएफएमई योजना के तहत कर्ज वितरण की हालात बेहद खराब है। जिलाधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के तहत जिले में अब तक 1195 कुल आवेदन किये गये, जिसमें सिर्फ 380 आवेदन मंजूर किये गये, जबकि इससे कहीं ज्यादा 571 आवेदन रिजैक्ट किये गये है, जो बेहद शर्मनाक है। इस योजना के तहत अभी भी 400 मामले पैंडिंग है, जो बैंको की बड़ी लापरवाही और उदासीनता को उजागर करता है। समीक्षा बैठक में सबसे ज्यादा मामले पैंडिंग रखने वाले बैंक आफ बडौदा, इडियन बैंक के साथ ही एसबीआई के अधिकारियों के काम पर जिलाधिकारी ने सख्त नाराजगी जताते हुये फटकार लगाई, साथ ही सभी बैंको को 11 से 4 बजे तक विकास भवन में दो दिन का कैम्प लगाकर खास अहमियत देकर सभी 400 पैंडिंग मामले डिस्पोजल करने की सख्त हिदायत दी। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने बैंकर्स को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि रोजगारपरक योजनाओं के तहत कर्ज बंटवारे में किसी भी तरह की लापरवाही, कमीशनखोरी के साथ ही फर्जीवाडा बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। वरना जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराकर कानूनी कार्यवाही की जायगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरूण कुमार सिंह, मुख्य पशुचिकित्साा अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, निदेशक आरसेटी, आरबीआई, इंडियन बैंक मैनेजर रवि मिश्रा सहित सभी बैंकर्स मौजूद रहे।






