जौनपुर: जमीनी विवाद में लाठी-डंडे और हॉकी से हमला, पांच लोग घायल

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर जिले के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के मीरपुर गांव में एक बार फिर जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दबंगों ने लाठी, डंडे और हॉकी से हमला कर एक ही परिवार के पांच लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि बगल गांव के कुछ दबंग आए दिन किसी न किसी बहाने गांव के लोगों से मारपीट करते रहते हैं। उनका कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि इससे पहले भी दो से तीन बार हमला हो चुका है, लेकिन हर बार पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे आरोपियों के हौसले और बुलंद हो गए।
इस ताजा हमले में सावन कुमार मौर्य (25 वर्ष), किरण देवी (45 वर्ष), नीरज मौर्य, धीरज मौर्य समेत परिवार के अन्य सदस्य घायल हुए हैं। हमले के दौरान दबंगों ने बेरहमी से लाठी-डंडे और हॉकी से प्रहार किए, जिससे कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सभी का इलाज चल रहा है। पीड़ितों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद लाइन बाजार थाना पुलिस ने अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की, जिसके चलते दबंग खुलेआम हिंसा कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते प्रशासन ने सख्त कदम नहीं उठाया, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। फिलहाल पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।






