उत्तराखंडदेहरादून

भटटा–व्यूलाडा मोटर मार्ग पर मलबा आने से पांच गांवों की राह हुई मुश्किल

बारिश ने बढ़ाई ग्रामीणों की परेशानी, स्कूल–बाजार और अस्पताल तक पहुंचना हुआ दूभर

जन एक्सप्रेस, विकास नगर। तहसील त्यूनी के अंतर्गत आने वाला भटटा–व्यूलाडा मोटर मार्ग बीते दिनों हुई लगातार बारिश के चलते कई जगहों पर मलबा और भारी पत्थर गिरने से पूरी तरह बाधित हो गया है। इस मार्ग के अवरुद्ध होने से करीब पांच गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों की आवाजाही ठप हो गई है। न तो वे जरूरी सामान ला पा रहे हैं और न ही बच्चों को स्कूल भेजना संभव हो पा रहा है।

स्कूल, बाजार और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच में बाधा

स्थानीय ग्रामीणों दीप नौटियाल, रमेश नौटियाल, दिनेश नौटियाल और संगीता नौटियाल ने बताया कि मार्ग के बाधित होने से उन्हें पैदल या लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ रहा है, जो न केवल समय लेने वाला है, बल्कि जोखिम भरा भी है। ग्रामीणों का कहना है कि जरूरी राशन, दवाइयां और अन्य सामान तक पहुंचने में भारी परेशानी हो रही है।

लगातार बारिश बनी बाधा, मलबा हटाने में देरी

ग्रामीण अभियंत्रण विभाग देहरादून के अधिशासी अभियंता विनीत कुरील ने बताया कि मार्ग को बहाल करने के लिए जेसीबी मशीनें तैनात कर दी गई हैं। हालांकि, लगातार हो रही बारिश के कारण मलबा हटाने के कार्य में देरी हो रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही मार्ग को सुचारू कर दिया जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग के स्थायी मरम्मत और नियमित रखरखाव की व्यवस्था की जाए ताकि हर बारिश में इस तरह की समस्या से जूझना न पड़े। स्थानीय प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जल्द ही समुचित कार्रवाई की जाएगी।

सड़क अवरुद्ध, जीवन अस्त-व्यस्त

यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि पर्वतीय क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे की मजबूती कितनी जरूरी है। यदि समय रहते स्थायी समाधान नहीं किए गए, तो हर मानसून में ग्रामीणों की ज़िंदगी जोखिम में रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button