उत्तर प्रदेशचित्रकूटटॉप न्यूज़ट्रेंडिंग

चित्रकूट में बाढ़ का कहर! रामघाट जलमग्न, व्यापारियों पर टूटा संकट

सड़कें डूबीं, दुकानें जल में समाईं, यूपी-एमपी संपर्क मार्ग ठप

जन एक्सप्रेस चित्रकूट: धर्मनगरी चित्रकूट में एक बार फिर प्रकृति का प्रकोप देखने को मिला है। भारी बारिश के चलते मंदाकिनी नदी उफान पर है और रामघाट इलाके में बाढ़ का पानी दुकानों में घुस गया है। निर्मोही अखाड़ा के समीप की दुकानें तक जलमग्न हो चुकी हैं, जिससे स्थानीय व्यापारियों में भारी दहशत का माहौल है। यह बाढ़ का मंजर न सिर्फ आमजन के लिए चुनौती बन गया है, बल्कि प्रशासन के इंतजामों पर भी बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है।

यूपी और एमपी को जोड़ने वाला रामघाट मार्ग पूरी तरह से बाधित हो गया है। पानी इतना भर गया है कि सतना की ओर जाने वाला प्रमुख मार्ग पूरी तरह डूब चुका है, जिससे वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। कई यात्री और श्रद्धालु रास्ते में फंसे हुए हैं और स्थानीय प्रशासन अभी तक राहत कार्य शुरू करने की स्थिति में नहीं दिख रहा।

बाढ़ का पानी लगातार बढ़ रहा है और विकराल रूप लेता जा रहा है, जिससे रामघाट के आसपास के मोहल्लों और दुकानों में और पानी भरने की आशंका जताई जा रही है। सबसे बड़ी मार रामघाट के व्यापारियों पर पड़ी है, जिनकी दुकानों में रखा सामान पूरी तरह बर्बाद हो गया है। उनका कहना है कि हर साल यही समस्या होती है, लेकिन प्रशासन समय रहते कोई स्थायी इंतजाम नहीं करता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button