गोपालापुर में लगा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने की जांच
पेटल हॉस्पिटल व आसरा फाउंडेशन की पहल, सैकड़ों ग्रामीणों ने उठाया लाभ

जन एक्सप्रेस/ जौनपुर: जौनपुर धर्मापुर ब्लॉक की गोपालापुर ग्रामसभा में रविवार को पेटल हॉस्पिटल द्वारा आसरा फाउंडेशन के सहयोग से निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क चिकित्सा सेवा प्रदान करना रहा।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच व चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने ओपीडी के माध्यम से मरीजों की जांच की और आवश्यक सलाह दी।
इस दौरान डॉ. डी.के. सिंह (ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ), डॉ. अभिषेक मिश्रा (MBBS, MD मेडिसिन) तथा डॉ. कनीज़ फातिमा (MBBS, MS स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ) ने मरीजों की विस्तार से जांच की। जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। साथ ही लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए नियमित जांच और संतुलित जीवनशैली अपनाने की सलाह दी गई।
पेटल हॉस्पिटल के संस्थापक ज़मान साक़लैन ने बताया कि अस्पताल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जनहित को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी ऐसे निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन लगातार किया जाता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को समय पर जांच और उचित उपचार मिल सके।
स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव स्तर पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता से उन्हें काफी राहत मिली है। लोगों का कहना था कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समाज के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहे हैं और इससे गरीब व जरूरतमंद मरीजों को सीधा लाभ मिलता है।






