आधारशिला वृद्धाश्रम में 105 बुज़ुर्गों को चरणपादुका वितरित, चेहरों पर छलकी खुशी

जन एक्सप्रेस/ महराजगंज: महराजगंज जनपद के फरेंदा में आधारशिला वृद्धाश्रम में शनिवार को विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें वृद्धाश्रम में रह रहे कुल 105 बुज़ुर्गों के बीच सामाजिक संस्था “तु फल मिठाई आस्था” एन.जी.ओ. की ओर से चरणपादुका का वितरण किया गया। इनमें से 54 महिलाएँ तथा शेष पुरुष बुज़ुर्ग सम्मिलित रहे।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने एन.जी.ओ. के इस सेवा-कार्य की सराहना करते हुए कहा कि समाज का दायित्व है कि वह अपने बुज़ुर्गों के प्रति कृतज्ञता व सम्मान का भाव बनाए रखे। ऐसे आयोजन वृद्धजनों के जीवन में आत्मीयता व सुरक्षा की अनुभूति कराते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी वृद्धाश्रम के बुज़ुर्गों से संवाद किया और उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की। वही चरणपादुका वितरण के समय बुज़ुर्गों के चेहरे पर प्रसन्नता साफ झलक रही थी।
एन.जी.ओ. के प्रतिनिधियों ने बताया कि संस्था समय-समय पर वृद्धजन कल्याण हेतु विविध कार्यक्रम आयोजित करती रही है और आगे भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे। उपरोक्त कार्यक्रम के सफल आयोजन में वृद्धाश्रम प्रबंधन, स्वयंसेवकों तथा स्थानीय समाजसेवियों का विशेष योगदान रहा। अंत में सभी ने मिलकर बुज़ुर्गों के दीर्घायु और स्वास्थ्य की मंगलकामना की।






