उत्तराखंडगढ़वाल

गढ़वाल: प्रो. मंजुला राणा की कहानी ‘डॉलर’ को हिंदी की सर्वश्रेष्ठ कहानी का सम्मान

जन एक्सप्रेस/गढ़वाल: राष्ट्रीय साहित्य अकादमी के प्रतिष्ठित साहित्योत्सव -2026 में हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय की प्रोफेसर और कहानीकार प्रो. मंजुला राणा की कहानी ‘डॉलर’ को हिंदी की सर्वश्रेष्ठ कहानी का सम्मान मिला है। समारोह के दौरान नई दिल्ली के रवींद्र भवन में 30 मार्च से 4 अप्रैल 2026 तक चल रहे साहित्योत्सव में प्रो. मंजुला राणा ने अपनी चर्चित कहानी ‘डॉलर’ का वाचन किया, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा। पद्म भूषण और ज्ञानपीठ सम्मानित लेखिका डॉ. प्रतिभा रॉय की अध्यक्षता में आयोजित हिंदी कहानी वाचन सत्र में यह कहानी खास तौर पर चर्चा में रही।

प्रो. मंजुला राणा ने सम्मान मिलने पर खुशी जताते हुए कहा, “यह मेरे लिए सौभाग्य का क्षण है कि ‘डॉलर’ कहानी को साहित्य के विद्वानों ने सराहा और उत्कृष्ट सम्मान दिया।” उन्होंने यह भी बताया कि इस साहित्योत्सव में 100 से अधिक सत्रों में देश-विदेश के 650 से ज्यादा प्रतिष्ठित लेखक, कवि और विद्वान शामिल हुए। देश की 50 से अधिक भाषाओं का प्रतिनिधित्व इस आयोजन में हुआ।

‘डॉलर’ कहानी क्यों चर्चित?

इस कहानी में समकालीन सामाजिक यथार्थ और पारिवारिक संवेदनाओं को बेहद मार्मिक ढंग से दर्शाया गया है, जिसने पाठकों और श्रोताओं के दिल को छू लिया।

प्रो. मंजुला राणा उत्तराखंड की प्रतिष्ठित साहित्यकार हैं। वे लंबे समय से साहित्य अकादमी से जुड़ी हुई हैं और उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की सदस्य के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। उनका यह सम्मान न सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे हिंदी कथा साहित्य और उत्तराखंड के साहित्यिक गौरव के लिए भी गर्व की बात है।

साहित्य प्रेमियों में खुशी की लहर

यह सम्मान मिलने पर गढ़वाल विश्वविद्यालय के साहित्य प्रेमी छात्र-छात्राओं और उत्तराखंड के साहित्यकारों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button