गाजियाबाद के सहायक खाद्य आयुक्त अरविंद कुमार यादव निलंबित
FSDA कमिश्नर रौशन जैकब की कार्रवाई; हाईकोर्ट से स्टे मिलने के कुछ घंटे बाद ही निलंबन आदेश जारी

जन एक्सप्रेस लखनऊ/गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FSDA) गाजियाबाद में तैनात सहायक खाद्य आयुक्त अरविंद कुमार यादव को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई कमिश्नर FSDA आईएएस रौशन जैकब द्वारा की गई है। निलंबन आदेश ऐसे समय जारी हुआ जब कुछ ही घंटे पहले हाईकोर्ट ने अरविंद यादव को लखनऊ खाद्य आयुक्त कार्यालय में अटैच किए जाने के आदेश पर अंतरिम राहत दी थी।मामले की शुरुआत 27 अक्टूबर को तब हुई जब कमिश्नर FSDA ने अरविंद कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से लखनऊ कार्यालय में अटैच करने का आदेश जारी किया था। इसके बाद 6 नवंबर को उन्हें रिलीव करने का आदेश भी भेजा गया। इस आदेश को चुनौती देते हुए अरविंद यादव ने कमिश्नर FSDA को पक्षकार बनाते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। 8 दिसंबर को हाईकोर्ट ने अटैचमेंट आदेश पर स्टे देते हुए अगली सुनवाई में राज्य सरकार एवं खाद्य आयुक्त से काउंटर एफिडेविट मांगा। मगर उसी शाम खाद्य आयुक्त कार्यालय ने अरविंद कुमार यादव का निलंबन आदेश जारी कर दिया।
सूत्रों के अनुसार निलंबन की मुख्य वजह वरिष्ठ अधिकारियों से तालमेल की कमी, बिना अनुमति के छापेमारी करना, तथा कुछ व्यापारियों को लाभ पहुंचाने जैसे गंभीर आरोप बताए जा रहे हैं। विभागीय जांच इस संबंध में आगे की कार्रवाई तय करेगी। निलंबन आदेश जारी होते ही विभाग के भीतर चर्चा तेज हो गई है और मामले की अगली सुनवाई अब हाईकोर्ट में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।






