जौनपुर में “प्रगति, सफलता की ओर 2.0” बाल उत्सव का भव्य आयोजन
डायट जौनपुर में आयोजित कार्यक्रम में बालिका शिक्षा और सशक्तिकरण पर दिया गया विशेष जोर

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर जनपद स्तरीय “प्रगति, स्वाभिमान और सफलता की ओर 2.0” बाल उत्सव का भव्य आयोजन मंगलवार को डायट जौनपुर के ऑडिटोरियम हॉल में उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ०गोरखनाथ पटेल एवं डायट प्रवक्ता डॉ०शैलेश कुमार ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से हुई, जिसने पूरे सभागार को भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर डीसी बालिका शिक्षा शोभा तिवारी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी का स्वागत किया।अपने संबोधन में डॉ०गोरखनाथ पटेल ने जनपद में संचालित विभागीय नवाचारों एवं विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बालिका शिक्षा को सशक्त, आत्मनिर्भर और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए सभी को टीम भावना के साथ समर्पित होकर कार्य करना होगा।
बाल उत्सव में जनपद के 21 विकास खंडों से चयनित बालिका नोडल के साथ ब्लॉक स्तर से चयनित 60 बच्चों ने प्रतिभाग किया। बच्चों के लिए “मेरे बदलाव की कहानी” एवं कॉमिक्स बुक आधारित कहानी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद स्तर से चयनित 5-5 प्रतिभागियों को मंडल स्तर पर भेजा जाएगा। मीना मंच कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागी बच्चों ने बालिका सशक्तिकरण से जुड़े अपने अनुभवों को प्रभावशाली और आत्मविश्वास से भरपूर अंदाज़ में प्रस्तुत कर सभी को प्रभावित किया। इस अवसर पर सहायक वित्त एवं लेखा अधिकारी (समग्र शिक्षा) आलोक कुमार गुप्ता, जिला समन्वयक बालिका शिक्षा शोभा तिवारी, एसआरजी टीम के सदस्य तथा विभिन्न विकास खंडों से आए शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।






