गुसयारी के प्रधान असरार अहमद ने हिंदू-मुस्लिम भाईचारे के साथ मनाई होली

जन एक्सप्रेस/हमीरपुर : मौदहा ब्लॉक की गुसयारी ग्राम पंचायत के जिंदादिल प्रधान असरार अहमद ने अपने आवास पर होली का त्योहार आपसी भाईचारे और प्रेम के साथ मनाकर कौमी एकता की बेहतरीन मिसाल पेश की। इस अवसर पर गांव के हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक साथ मिलकर होली के रंगों में सराबोर होकर एक-दूसरे को गुलाल लगाया और फाग गीत गाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।
होली के इस रंगारंग आयोजन में गांव के लोगों ने आपसी प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया। सभी ने एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और पूरे माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया।
इस मौके पर ग्राम प्रधान असरार अहमद ने कहा कि होली का त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है और बसंत ऋतु के आगमन का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें आपसी भेदभाव और अहंकार को मिटाकर एकता और भाईचारे के साथ रहने की सीख देता है।
उन्होंने आगे कहा कि आज के समय में समाज और देश को सबसे अधिक जरूरत आपसी भाईचारे और एकता की है। जब तक समाज में प्रेम और सद्भाव नहीं होगा, तब तक देश विकास के रास्ते पर मजबूती से आगे नहीं बढ़ सकता।
गुसयारी गांव में मनाई गई यह होली आपसी सौहार्द और सामाजिक एकता का प्रतीक बन गई, जिसे लोगों ने लंबे समय तक याद रखने की बात कही।






