उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहमीरपुर

हमीरपुर: दबंगों ने गरीब महिला किसान की हरी लाही की फसल काटकर हार्वेस्टर से किया बर्बाद, पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

जन एक्सप्रेस/हमीरपुर: जिले के कुरारा थाना क्षेत्र के बेरी गांव में दबंगों की दबंगई का मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंगों ने सिर्फ हार्वेस्टर निकालने के लिए एक गरीब महिला किसान की हरी खड़ी लाही की फसल को पहले जबरन कटवाया और बाद में उस पर हार्वेस्टर चढ़ाकर पूरी तरह बर्बाद कर दिया।

पीड़ित महिला किसान सरोजनी पत्नी स्व. लक्ष्मी नारायण सिंह, निवासी बेरी गांव, ने बेरी चौकी पुलिस को दिए लिखित प्रार्थना पत्र में बताया कि बेतवा नदी किनारे स्थित उसकी गाटा संख्या 747 की कृषि भूमि में उसने लाही की फसल बोई थी।

पीड़िता के अनुसार, 5 मार्च 2026 को गांव के ही दबंग और अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्ति राजेश सिंह पुत्र राम रतन सिंह तथा उसके पुत्र नीरज सिंह और कुलदीप सिंह ने अपने मामा फक्कड़ से उसकी खड़ी फसल को जबरन कटवा दिया। इसके बाद हार्वेस्टर चढ़ाकर पूरी फसल को बर्बाद कर दिया।

मामले की जानकारी मिलने पर पीड़ित किसान का पुत्र पवन सिंह और नाती बद्री सिंह मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि दबंगों ने उनके साथ गाली-गलौज की, जिससे वे डरकर वापस घर लौट आए और परिवार को घटना की जानकारी दी।

फसल बर्बाद होने से गरीब किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित महिला किसान ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और उसकी फसल के नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है।

बताया जा रहा है कि शिकायत के बावजूद अब तक पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button