हरदोई: 50 हजार रिश्वत लेकर लोन दिलाने का आरोप, बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश चौधरी को CBI ने दबोचा

जन एक्सप्रेस/हरदोई: हरदोई जिले में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी रोजगार योजना के नाम पर कथित रिश्वतखोरी का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। इस मामले में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश चौधरी को सीबीआई ने नाटकीय तरीके से हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, कछौना कस्बे के रामनगर रेलवे गंज मोहल्ला निवासी सुरेश चौधरी कस्बे में बैंक ऑफ बड़ौदा का बीसी सेंटर भी संचालित करते हैं। मंगलवार शाम वह कासिमपुर थाना क्षेत्र के मुसलमानाबाद सपहिया गांव में बसपा कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक कर रहे थे। इसी दौरान लखनऊ से पहुंची सीबीआई टीम ने अचानक दबिश देकर उन्हें घेर लिया और हिरासत में ले लिया।
बैठक के दौरान हुई इस कार्रवाई से मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं में अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सीबीआई टीम सुरेश चौधरी को हिरासत में लेकर कछौना रेलवे स्टेशन के रेलवे गार्ड रूम पहुंची, जहां शाम करीब 5:30 बजे से रात 12:15 बजे तक लंबी पूछताछ की गई। इस दौरान टीम ने उनके पास मौजूद दस्तावेजों और कागजातों की भी जांच की और कई अहम दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिये।
आरोप है कि बघौली थाना क्षेत्र के अछरामऊ गांव की रहने वाली सीमा नाम की युवती ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी रोजगार योजना के तहत 5 लाख रुपये के लोन के लिए आवेदन किया था। पीड़िता का आरोप है कि लोन पास कराने के बदले सुरेश चौधरी ने उससे 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
युवती ने इसकी शिकायत सीबीआई से की, जिसके बाद टीम ने पूरी योजना बनाकर हरदोई पहुंचकर यह कार्रवाई की।
हालांकि, सुरेश चौधरी खुद को निर्दोष बताते हुए पूरे मामले को साजिश करार दे रहे हैं। उनका कहना है कि उन्हें झूठे मामले में फंसाया जा रहा है। वहीं सीबीआई अब यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस योजना के नाम पर अन्य लाभार्थियों से भी अवैध वसूली तो नहीं की गई।
देर रात सीबीआई की टीम सुरेश चौधरी को गिरफ्तार कर अपने साथ लखनऊ ले गई। बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष की गिरफ्तारी के बाद हरदोई के सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है।






