जौनपुर में भारत की जीत के लिए हवन-पूजन, माता शीतला चौकिया धाम में क्रिकेट प्रेमियों ने की प्रार्थना

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले से पहले पूरे देश में टीम इंडिया की जीत के लिए दुआओं और प्रार्थनाओं का दौर जारी है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में स्थित प्रसिद्ध माता शीतला चौकिया धाम में मंदिर परिवार और क्रिकेट प्रेमियों ने भारत की जीत के लिए विशेष हवन-पूजन का आयोजन किया।
मंदिर परिसर में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्रिकेट प्रेमी शामिल हुए। सभी ने मिलकर हवन में आहुति दी और भगवान से प्रार्थना की कि भारतीय क्रिकेट टीम टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में जीत हासिल कर देश का नाम रोशन करे।
मंदिर के महंत विनय त्रिपाठी ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि भारत इस बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जरूर जीतेगा। उन्होंने कहा कि माता शीतला चौकिया धाम का आशीर्वाद टीम इंडिया के साथ है और देश की टीम विश्व विजेता बनकर लौटेगी। महंत ने यह भी कहा कि भारत की जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल देखने को मिलेगा।
हवन-पूजन के दौरान मौजूद क्रिकेट प्रेमियों में भी काफी उत्साह देखने को मिला। युवाओं का कहना था कि भारतीय टीम इस समय शानदार फॉर्म में है और टीम का हर खिलाड़ी बेहतरीन प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम शानदार खेल दिखाते हुए न्यूजीलैंड को हराकर विश्व कप अपने नाम करेगी।
गौरतलब है कि भारत ने टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को रोमांचक मैच में हराकर फाइनल में जगह बनाई है। इसके बाद से ही पूरे देश में टीम इंडिया की जीत को लेकर उत्साह का माहौल है।
टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले में भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा। मैच शाम 7 बजे से शुरू होगा, जिसे लेकर देशभर में क्रिकेट प्रेमियों के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
इसी उत्साह के बीच जौनपुर के माता शीतला चौकिया धाम में हुए हवन-पूजन ने भी यह संदेश दिया कि देशवासी टीम इंडिया की जीत के लिए पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ प्रार्थना कर रहे हैं।







