स्वास्थ्य मंत्री ने किया चिकित्सालय का लोकार्पण

देहरादून । स्वास्थ्य मंत्री और महापौर ने अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस माजरा स्थित प्रकाशदीप हास्पिटल का सोमवार को लोकार्पण किया। इस अस्पताल में आधुनिक सुविधाओं के साथ सामान्य व इमरजेंसी समेत लगभग 50 बिस्तर हैं।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश में पड़ोसी राज्यों से भी मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसी में सरकार स्वास्थ्य सेवाओं में लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के कटिबद्ध है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान योजना के तहत अब तक करीब सात लाख लोगों का फ्री इलाज किया जा चुका है और 52 लाख लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा बनाए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि, अब तक 32 लाख डिजिटल हेल्थ आईडी प्रदेश में बनाई जा चुकी है। 275 जांचें निशुल्क की जा रही हैं। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं को घर से अस्पताल और जच्चा बच्चा को अस्पताल से घर निशुल्क पहुंचाने के लिए फ्री सेवा दी जा रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि चार धाम यात्रा के दौरान निशुल्क एंबुलेंस की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री 30 व 31 मार्च को देहरादून दौरे पर आ रहे हैं। इसके बाद वह मलारी और अंतिम गांव नीति माणा भी जायेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 03 नए मेडिकल कॉलेज बनने जा रहे हैं और रुद्रपुर में एम्स का नया सेटेलाइट सेंटर बनना है। उन्होंने बताया कि 2024 तक उत्तराखंड देश का पहला ऐसा राज्य होगा जहां एमबीबीएस डॉक्टर सरप्लस होंगे, जिससे प्रदेश में डॉक्टरों की कमी नहीं रहेगी।
उन्होंने कहा कि अगले एक हफ्ते में 350 नए डॉक्टरों को नियुक्ति देने जा रहे हैं। 3 हजार एएनएम को भी नियुक्ति देने जा रहे हैं। वहीं अस्पताल के निदेशक डॉक्टर अनिल प्रकाश ने कहा कि प्रकाशदीप मल्टी स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल में सभी तरह की अत्याधुनिक सुविधाएं हैं। महापौर सुनील उनियाल गामा ने कहा कि लोगों की सेवा करने के लिए इस अस्पताल का शुभारंभ हुआ है। उन्होंने कहा कि जल्द ही अस्पताल में आयुष्मान योजना का लाभ भी मरीजों को प्रदान किया जाएगा।






