लोधेश्वर महादेवा में हेलीकॉप्टर से हुई जमकर पुष्प वर्षा, श्रद्धालुओं का मन हुआ पुलकित

जन एक्सप्रेस/संवाददाता
बाराबंकी। विश्व प्रख्यात जिले के सुप्रसिद्ध लोधेश्वर महादेवा में सावन के तीसरे सोमवार पर आए श्रद्धालुओं पर प्रशासन ने हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की। इस पुष्प वर्षा के दौरान हेलीकॉप्टर से लखनऊ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक पीयूष मोर्डिया, जिला अधिकारी अविनाश कुमार व पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की। यह ऐसा पहला मौका था जब मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिले के महातीर्थ कहलाए जाने वाले लोधेश्वर महादेवा में हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। हेलीकॉप्टर ने मंदिर सहित समस्त मेला परिसर के चार चक्कर लगाए और लगातार फूलों की बारिश करता रहा। इस बीच जब पुष्प वर्षा की जा रही थी। तो नीचे मौजूद श्रद्धालु बोलबम व हर हर महादेव के जयकारे लगा रहे थे। ऐसे में यहां का माहौल देखते ही बन रहा था। मंदिर में मौजूद प्रत्येक व्यक्ति का रोम-रोम पुलकित हो उठा। यहां रविवार देर रात से शुरू हुए पूजन के क्रम में सोमवार देर रात तक होने वाली श्रृंगार पूजा तक दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन पूजन कर लाभ अर्जित किया। इस मौके पर मौजूद पूर्व विधायक शरद अवस्थी ने अपने समर्थकों सहित श्रद्धालुओं पर जमकर फूल बरसाए। उनके साथ एसडीएम रामनगर अनुराग सिंह व डिप्टी एसपी हर्षित चौहान ने भी श्रद्धालुओं पर फूल बरसाए।
पहली बार हुई पुष्प वर्षा, योगी जिंदाबाद के लगे नारे
मंदिर के पुजारी आदित्य तिवारी ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि यह ऐसा पहला मौका है कि जब मुख्यमंत्री के निर्देश पर मंदिर सहित समस्त मेला परिसर में पुष्प वर्षा की गई है। उन्होंने सरकार के इस कार्य की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा कि सरकार द्वारा कराए गए इस कार्य से क्षेत्र की जनता खुशी से गदगद हो गई है। दर्शन की कतार में लगी बालिकाओं रेखा सुमन आरती शिवानी अनीता सहित अन्य से बात करने पर उन्होंने बताया कि वह बीते 11 वर्षों से बाबा के दर्शन को आती है। लेकिन इस बार हुई पुष्प वर्षा से मन खिल उठा है। सरकार के इस कार्य से क्षेत्रीय सहित दूरदराज से आने वाले लोगों के मन हर्षित हो गए है। इतना कहकर वह सभी योगी जिंदाबाद के नारे लगाने लगी।
ढाई सौ किलो फूलों से हुई पुष्प वर्षा, परंपरा का होगा पालन
जिला प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक गेंदा गुलाब सहित अन्य फूलों को मिलाकर लगभग ढाई सौ किलो फूलों की पंखुड़ियों से वर्षा की गई। पुष्प वर्षा के दौरान डीआईजी जिलाधिकारी व एसपी ने श्रद्धालुओं पर जमकर फूल बरसाए। इन फूलों को हेलीकॉप्टर में शहर की पुलिस लाइन में रखा गया। दूरदराज सहित आस-पास क्षेत्रों से लोधेश्वर महादेवा में जल अर्पित करने आए श्रद्धालुओं ने बताया कि यह पहली बार है कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर यहां पुष्प वर्षा की गई है। जिसके लिए वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित डीएम व एसपी का आभार प्रकट कर रहे है। साथ ही उन्होंने उम्मीदें जताई है कि आगे भी इस परंपरा का परिपालन होता रहेगा। यहां लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते है। यह तीर्थ आसपास के जनपदों सहित प्रदेश में आस्था का बड़ा केंद्र है।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
सावन के तीसरे सोमवार पर उमड़ी लाखों की भीड़ को संभालने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आशुतोष मिश्रा के निर्देशन में समस्त मेला परिसर में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। जिसका समय-समय पर एएसपी द्वारा जायजा लिया जाता रहा।
भंडारों का हुआ आयोजन
सावन के तीसरे सोमवार पर आने वाले शिव श्रद्धालुओं के लिए यहां लोगों ने भंडारे का भी आयोजन किया। जिसमें पूरी सब्जी सहित बूंदी प्रसाद वितरित किया गया। इस भंडारे का आयोजन जिले की विनायक सेवा ट्रस्ट द्वारा किया गया।जिसमें अध्यक्ष विपिन कुमार दुबे, सचिव विश्वनाथ तिवारी, सदस्य ट्रस्टी बेबी दुबे, शिवकुमार देव, नारायण दुबे, हरीश तिवारी, राजेंद्र आदि ने शिव-श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।
दर्शन पूजन कर लौट रहे श्रद्धालु की मौत
बाराबंकी। थाना रामनगर के सुड़ियामऊ चौकी के पास एक अज्ञात वाहन ने थाना देवा के धरमपुर निवासी इंद्रजीत की मोटरसाइकिल में ठोकर मार दी। हादसे में वंदना की मौके पर मौत हो गई। जबकि इंद्रजीत का उपचार गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में चल रहा है। वहीं गाड़ी पर बैठी तीसरी सदस्य रूबी का उपचार लखनऊ के निजी अस्पताल में चल रहा है। परिजनों के मुताबिक वहां उसकी हालत नाजुक है।