पति ने पत्नी के प्रेमी को मौत के घाट उतारा, फरार
घायल पत्नी को पुलिस ने इलाज के लिए जिला अस्पताल में कराया भर्ती

जन एक्सप्रेस/संवाददाता
बहराइच। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के ककरा गांव निवासी एक व्यक्ति ने देर रात अपने पत्नी को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया। जिसके बाद पति अपना नियंत्रण खो बैठा। उसने बांके से पत्नी और उसके प्रेमी पर हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। महिला के प्रेमी की रात में ही मौत हो गई। जबकि महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पति फरार हो गया। सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मामला कोतवाली देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत ककरा गांव की है। ग्रामीण लल्लू (33) पुत्र सूबेदार का प्रेम प्रसंग गांव निवासी सुशीला पत्नी सुरेन्द्र के साथ दो-तीन साल से चल रहा था। जिसकी जानकारी सुशीला के पति को थी। इसका सुशीला के पति सुरेंद्र ने कई बार विरोध किया। उसने अपनी पत्नी को समझाया और लल्लू से संबंध तोड़ने की बात कही। दोनों के बीच चल रहे प्रेम प्रसंग को ग्रामीण भी जानते थे। पति के समझाने का कोई असर सुशीला पर नहीं हुआ वह लगातार लल्लू के संपर्क में बनी रही। लल्लू का प्रेमिका के घर आना जाना लगा रहा।
शुक्रवार की रात प्रेमी अपनी प्रेमिका के घर पहुंच गया। रात काफी हो चुकी थी। इसी दौरान सुरेंद्र ने अपनी पत्नी को प्रेमी लल्लू के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया। जिस पर वह नियंत्रण खो बैठा और घर में रखे बांका से दोनों पर कई बार हमला कर दिया हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, प्रेमी लल्लू की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पत्नी सुशीला गंभीर रूप से घायल घर में पड़ी शोर मचाती रही।
इस बीच सुरेंद्र घटनास्थल से फरार हो गया। सुबह घटना की जानकारी गांव के लोगों को हुई तो हड़कंप मच गया। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी राजीव सिसोदिया गांव पहुंचे हैं। पुलिस द्वारा जांच की गई। घायल महिला को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या हुई है। प्रेमिका के पति ने ही उसके प्रेमी को बांके से काटकर हत्या की है। आरोपी फरार है। गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच चल रही है।
समझाने के बाद भी नहीं छूटी आदत
ककरा गांव के ग्राम प्रधान रामू ने बताया कि मृतक लल्लू के तीन पुत्र हैं। उसका प्रेम प्रसंग गांव निवासी महिला से चल रहा था कई बार समझाया गया। इसके बाद भी वह नहीं माना, अंत में उसकी हत्या कर दी गई।






