हरदोई के हरपालपुर में धड़ल्ले से चल रहे अवैध पैथोलॉजी व क्लीनिक

जन एक्सप्रेस/हरदोई: हरदोई जनपद के हरपालपुर सहित समूचे कटियारी इलाके में स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के चलते अवैध रूप से संचालित तमाम मेडिकल स्टोर,पैथोलॉजी लैब, क्लीनिक और छोटे अस्पताल लोगों की जान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। क्षेत्र में लगभग एक दर्जन से अधिक पैथोलॉजी लैब, क्लीनिक और अस्पताल बिना डिग्री और बिना रजिस्ट्रेशन के राम भरोसे संचालित किए जा रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इससे बेखबर बने हुए हैं।
जानकारी के अनुसार हरपालपुर कस्बे सहित लमकन,ककरा,खसौरा, अजतूपुर,बेडीजोर,पलिया,चौंसार, दहेलिया,सहित कई स्थानों पर अवैध रूप से मेडिकल स्टोर व क्लीनिक, पैथोलॉजी और अस्पताल चल रहे हैं। इन संस्थानों में न तो मानक पूरे किए जा रहे हैं और न ही संचालकों के पास मान्य डिग्री या रजिस्ट्रेशन है।कुछ स्थानो पर बड़े बड़े बोर्ड लगाकर क्षेत्र की भोली भाली जनता को गुमराह करके इलाज के नाम पर भर्ती करके उनसे मनमाना पैसा वसूला जाता है।यही नही अल्ट्रासाउंड के नाम पर बिना डिग्री डिप्लोमा के फर्जी रिपोर्ट बनाकर मरीजो को थमाने के भी आरोप है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इन अवैध क्लीनिकों में गलत जांच और इलाज के कारण कई बार मरीजों की हालत बिगड़ जाती है और घटनाएं भी सामने आती रहती हैं। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति करता नजर आता है। आरोप है कि जब भी विभाग की टीम कार्रवाई के लिए पहुंचती है तो कुछ समय के लिए क्लीनिक बंद कर दिए जाते हैं या फिर संचालक नाम बदलकर दोबारा वही कारोबार शुरू कर देते हैं। इससे गरीब मरीजों का शोषण लगातार जारी है।
क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बिना डिग्री और बिना रजिस्ट्रेशन संचालित हो रहे क्लीनिक, पैथोलॉजी और अस्पतालों की जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि मरीजों की सेहत से हो रहे खिलवाड़ पर रोक लग सके।जल्द ही इन अबैध संचालित मेडिकल स्टोरों व पैथालॉजी लैब,व क्लीनिकों के नामो को भी सार्वजनिक किया जाएगा।फिलहाल हरपालपुर कस्बे में चल रहे तमाम अबैध अस्पतालों में भ्रूड हत्या जैसे मामलों की भरमार है।स्थानीय स्तर पर यहां जिम्मेदार जानकर भी अनजान बने हुए है जिससे ग्रामीण इलाकों के गरीब भोले भाले लोगो को स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर ठगा जा रहा है।






