
जन एक्सप्रेस/पौड़ी।कल्जीखाल–मुंडनेश्वर–भेंटी मोटरमार्ग पर घटिया गुणवत्ता के साथ किए जा रहे डामरीकरण की शिकायत के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर डामरीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने टीम के समक्ष कड़ी नाराजगी जताते हुए कार्य को मानकों के अनुरूप कराने की मांग की।ग्रामीणों का कहना था कि सड़क पर किया गया डामरीकरण बेहद घटिया है और उसमें गुणवत्ता का पूरी तरह अभाव है। निरीक्षण के दौरान जब पैराफिट की जांच की गई तो उसमें पत्थर ही पत्थर पाए गए, जिससे ग्रामीणों की शिकायत सही साबित होती नजर आई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ नहीं कराया गया तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व ब्लॉक प्रमुख कल्जीखाल गीता देवी ने मोटरमार्ग के डामरीकरण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की जा रही है और इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम के आदेश पर तहसीलदार पौड़ी दीवान सिंह राणा के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर डामरीकरण कार्य का जायजा लिया। तहसीलदार दीवान सिंह राणा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मिली खामियों को लेकर विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी, ताकि आगे आवश्यक कार्रवाई की जा सके।इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख कल्जीखाल गीता देवी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य त्रिभुवन उनियाल, रोशनी देवी, विजयकांत नेगी, मुकेश सिंह, सोनी, रचना देवी, दीक्षा, हेमंती, भारती, रजनी, सुनील भंडारी, दीपक बिष्ट सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।






