उत्तर प्रदेशजौनपुर

जौनपुर के निशांत यादव को कुलपति स्वर्ण पदक

जन एक्सप्रेस  / जौनपुर :  जौनपुर कौन कहता है आसमां में सुराख नहीं हो सकता, एक पत्थर तो तबीयत से उछालो यारो…” इस पंक्ति को सच कर दिखाया है जनपद के सफीपुर गाँव निवासी राम स्वभाव यादव के पुत्र निशांत कुमार यादव ने। अपनी कड़ी मेहनत और लगन के बल पर उन्होंने डॉ. शकुंतला मिश्रा पुनर्वास विश्वविद्यालय, लखनऊ से सत्र 2023-2025 एलएलएम (LLM) में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर विश्वविद्यालय का कुलपति स्वर्ण पदक हासिल किया।

यह सम्मान उन्हें विश्वविद्यालय के द्वादश दीक्षांत समारोह में राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति माननीया आनंदीबेन पटेल, मुख्य अतिथि एस. गोविंद राज (आयुक्त, दिव्यांगजन, भारत सरकार) तथा विशिष्ट अतिथि नरेंद्र कश्यप (राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, उ.प्र.) की गरिमामयी उपस्थिति में कुलपति आचार्य संजय सिंह द्वारा प्रदान किया गया।

शिक्षा से स्वर्ण पदक तक का सफर
निशांत कुमार यादव ने प्राथमिक शिक्षा अपने गाँव से प्राप्त की। इसके बाद हाईस्कूल की पढ़ाई हरिहर सिंह पब्लिक स्कूल से, इंटरमीडिएट की शिक्षा टीडी इंटर कॉलेज से तथा स्नातक स्तर पर विधि की पढ़ाई टीडी पीजी कॉलेज, जौनपुर से पूरी की।
निशांत ने वर्ष 2018 में पीसीएस-जे की परीक्षा में साक्षात्कार तक का सफर तय किया, हालांकि अंतिम चयन नहीं हो पाया। वर्तमान में वे हायर ज्यूडिशियल सर्विसेज की तैयारी में जुटे हैं।

गाँव और परिवार में हर्ष
निशांत को स्वर्ण पदक मिलने की खबर से परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों में हर्ष की लहर दौड़ गई। गाँव में भी खुशी और गर्व का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि निशांत की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button