जौनपुर में युवक की चाकू से गोदकर हत्या, हमलावरों ने शव सड़क किनारे फेंका

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जनपद के जफराबाद थाना क्षेत्र के सिरकोनी गांव में बुधवार को एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई, जहां पूर्व में हत्या के आरोपी रहे युवक की एक दर्जन से अधिक हमलावरों ने चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को करीब एक किलोमीटर दूर बन्दीपुर गांव के पास सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जलालपुर थाना क्षेत्र के संघईपुर गांव निवासी आशीष उर्फ चिघडू चौहान (पुत्र अरविंद चौहान) बुधवार को बन्दीपुर स्थित एक शराब ठेके के पास मौजूद था। तभी अचानक एक दर्जन से अधिक युवक वहां पहुंचे और उसे दौड़ाने लगे। जान बचाने के लिए आशीष भागकर सिरकोनी गांव में घुस गया और कई घरों में शरण लेने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों के भय से ग्रामीण सहम गए।
भागते-भागते वह गांव के निवासी गुल्लू मौर्य के घर के पीछे स्थित एक मड़हे में पहुंचा, जहां हमलावरों ने उसे घेर लिया और उस पर ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल आशीष ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद जब ग्रामीणों ने शोर मचाया तो हमलावर शव को उठाकर बन्दीपुर की ओर ले गए और हाईवे जाने वाली सड़क पर फेंककर फरार हो गए।






