
जन एक्सप्रेस गौरीकुंड: केदारनाथ यात्रा के दौरान शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। गौरीकुंड से लगभग एक किलोमीटर ऊपर छौड़ी गधेरे के पास एक भारी पत्थर पहाड़ी से गिरा, जो महाराष्ट्र से आए एक यात्री को अपनी चपेट में ले गया। इस दर्दनाक घटना में यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस और यात्रा प्रबंधन बल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को गौरीकुंड अस्पताल पहुंचाया। मृत यात्री की पहचान परमेश्वर भीम राव खावाल (38) पुत्र भीम राव खावाल, निवासी औरंगाबाद, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बिगड़ा, 13 जिलों में बाढ़ का खतरा
मौसम विभाग के हाइड्रोमेट डिवीजन ने राज्य के 13 जिलों — अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी — में बाढ़ की आशंका जताई है। भारी बारिश और भूस्खलन की घटनाओं के कारण यात्रा मार्गों पर खतरा बना हुआ है।प्रशासन ने जारी किया अलर्ट, लोगों को सतर्क रहने की अपील राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर अलर्ट रहने और लोगों को समय पर जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यात्रा मार्गों पर विशेष निगरानी रखने और सावधानी बरतने के लिए भी कहा गया है।
यात्रियों से अपील
प्रशासन और पुलिस ने केदारनाथ यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं से अपील की है कि मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा शुरू करें, पहाड़ी इलाकों में चलते समय सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें।






