उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

मौला अली की शहादत की याद में सदर इमामबारगाह से निकला मातमी जुलूस, गूंजे नौहे और मातम

जन एक्सप्रेस/ जौनपुर: जौनपुर हज़रत अली इब्न अबु तालिब की शहादत की याद में नगर के बेगमगंज स्थित सदर इमामबारगाह में अकीदतमंदों द्वारा मजलिस व मातमी जुलूस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अंजुमन शमशीरे हैदरी के नेतृत्व में निकले जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत कर मौला अली की याद में नौहाख्वानी और मातम किया।

मजलिस को खिताब करते हुए मौलाना मोहसिन आगा ने कहा कि मौला अली पूरी इंसानियत के लिए अमन, इंसाफ और बराबरी के अलमबरदार थे। उन्होंने कहा कि मौला अली की जिंदगी हमें सच्चाई, न्याय और कमजोरों की मदद करने का पैगाम देती है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे मौला अली की शिक्षाओं को अपनी जिंदगी में उतारें और समाज में भाईचारा व इंसाफ कायम करने का प्रयास करें।

मजलिस के अंत में मौलाना अम्बर अब्बास खान ने तकरीर करते हुए मौला अली के मसाएब का बयान किया। उनके दर्द भरे बयान को सुनकर मजलिस में मौजूद अकीदतमंद गमगीन हो उठे और कई लोग रो पड़े। पूरे इमामबारगाह में “या अली” और “हैदर मौला” की सदाएं गूंजती रहीं।

मजलिस के बाद मातमी जुलूस बरामद हुआ, जिसमें अलम और शबीहे ताबूत मौला अली निकाले गए। जुलूस के साथ अंजुमन शमशीरे हैदरी के अकीदतमंदों ने नौहाख्वानी और सीना-ज़नी कर शहादत का गम मनाया। जुलूस के दौरान पूरे क्षेत्र का माहौल गमगीन रहा।

इस मौके पर नौशाद हुसैन, संजय, अली मंजर, चुनमुन भाई, बबलू, रिजवान, दिलदार हुसैन, नाजिम हुसैन, मुमताज, मोहर्रम अली, महफूज़ सहित बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे। जुलूस का संचालन फैजी जौनपुरी ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button