उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

याचिका समिति की बैठक में जनहित मामलों पर गहन समीक्षा, विभागों को कड़े निर्देश

जन एक्सप्रेस/जौनपुर:  जौनपुर विधान परिषद की याचिका समिति की महत्वपूर्ण बैठक सर्किट हाउस, वाराणसी में कार्यकारी सभापति अशोक अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। जिले के अधिकारियों ने बैठक की शुरुआत में सभापति और समिति सदस्यों का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृतिचिह्न देकर स्वागत किया।

बैठक में नमामि गंगे, लोक निर्माण, सिंचाई, पंचायती राज, ऊर्जा, ग्राम विकास, नगर निगम और आवास-विकास विभागों से जुड़े जनहित प्रकरणों की अद्यतन स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। नमामि गंगे इकाई से ग्राम अहिलिया में हैंडपंप और नलकूप बोरिंग की स्थिति की जानकारी ली गई। लोक निर्माण विभाग से पुलिया निर्माण संबंधी लंबित याचिका पर एक माह के भीतर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। खेतासराय–खुटहन तथा जौनपुर–खुटहन मार्ग पर कार्य मानक के अनुरूप और समयबद्ध पूरा करने के आदेश दिए गए।

विद्युत विभाग के अधिकारियों से निषाद बस्ती और दुधौरा गांव में विद्युत आपूर्ति, विद्युतीकरण तथा सौभाग्य योजना के तहत किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी मांगी गई। ओटीएस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार ब्लॉक और तहसील स्तर पर करने के निर्देश दिए गए।

जल जीवन मिशन के अभियंता से पेयजल टंकियों के निर्माण की प्रगति जानी गई। समिति ने सभी विभागों को बेहतर अंतरविभागीय समन्वय बनाकर लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सभापति ने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं से जुड़ी याचिकाओं पर गंभीरता से कार्रवाई कर त्वरित समाधान कराया जाए।

अंत में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने समिति के निर्देशों का पूर्ण पालन कराने का आश्वासन देते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। बैठक में आशुतोष सिन्हा, सौरभ सिंह, आशीष कुमार सिंह, मुकुल यादव, एएसपी नगर आयुष श्रीवास्तव, सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button