उत्तर प्रदेशप्रतापगढ़प्रतापगढ़प्रतापगढ़.राज्य खबरें

कोहंडौर नगर पंचायत में 3.25 करोड़ से बने कल्याण मंडपम का उद्घाटन

जन एक्सप्रेस/प्रतापगढ़: जिले के नगर पंचायत कोहंडौर के रामापुर वार्ड में तीन करोड़ पच्चीस लाख रुपये की लागत से बनकर तैयार नवनिर्मित कल्याण मंडपम ( मैरिज हॉल ) का उद्घाटन शनिवार को पूर्व मंत्री राजेन्द्र प्रताप सिंह “मोती सिंह” ने फीता काटकर किया। उनके साथ सदर विधायक राजेन्द्र मौर्य, नगर पंचायत अध्यक्ष कोहड़ौर शीतला प्रसाद व सीएचसी अधीक्षक कोहड़ौर देवेंद्र सिंह मौजूद रहे। इस दौरान ईओ स्वतंत्र प्रताप सिंह, राहुल सोनी व व्यापार मंडल अध्यक्ष कोहड़ौर नितिन जायसवाल, सत्यप्रकाश पाठक समेत काफी संख्या में लोगों ने माल्यार्पण कर मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि का स्वागत किया।

उद्घाटन के दौरान पूर्व मंत्री ने कहा कि नगर पंचायत में विवाह घर बन जाने से यहां के लोगों को शादी विवाह के साथ ही अन्य सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए काफी सहूलियत होगी और यह बारात घर मध्यमवर्गीय लोगों के लिए वरदान साबित होगा। उन्होंने कहा कि सम्पन्न लोग तो होटल व मैरिज हाल से अपने मांगलिक कार्यक्रम कर लेते हैं, लेकिन मध्यमवर्गीय लोगों के लिए महंगाई के कारण संभव नहीं हो पाता। बारात घर बन जाने से नगर पंचायत ही नहीं बल्कि आसपास के गरीब तबके के लोग भी मांगलिक कार्यक्रम यहां से कर सकेंगे। सदर विधायक राजेन्द्र मौर्य ने कहा कि नगर पंचायत में बनकर तैयार हुआ ये विवाह घर अत्यंत भव्य एवं सुंदर है। इसके बन जाने से यहां के स्थानीय लोगों के साथ ही आसपास के लोगों के लिए भी विवाह व अन्य कार्यक्रमों के आयोजन करने हेतु काफी सुविधा होगी।

वहीं ईओ स्वतंत्र प्रताप सिंह ने बताया कि कल्याण मंडपम का शुल्क आमजनमानस की सुविधा व सहूलियत के हिसाब से होगा। निर्धारित शुल्क जमा कर नगर पंचायत क्षेत्र के निवासियों के साथ ही आसपास के ग्रामीण अंचल के लोग भी इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे। इस दौरान विशाल सिंह, राजू सिंह, सिद्धान्त तिवारी, गोलू सिंह, संजय बारी, मोनू पाठक, पवन जायसवाल, सन्दीप उपाध्याय, रत्नेश पाण्डेय, सन्तोष दूबे, संजय शुक्ल, सतीश उमरवैश्य, श्रीप्रकाश दुबऊ समेत काफी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button