कटैया डंडी कीचड़ में धंसी उम्मीदें!
सड़क नहीं, दलदल है! मऊ ब्लॉक की ग्राम पंचायत में जनजीवन बेहाल — नेता आते हैं, वादे करते हैं, और छोड़ जाते हैं कीचड़ का गड्ढा

जन एक्सप्रेस / चित्रकूट : जनपद चित्रकूट के मऊ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत कटैया डंडी में सड़क की स्थिति इतनी बदहाल है कि अब रास्ता नहीं, कीचड़ से भरा दलदल बन चुका है। हालात यह हैं कि लोगों का घर से बाहर निकलना भी किसी जंग से कम नहीं। हर दिन कीचड़ में फिसलते बच्चे, स्कूल जाती बच्चियों की मिट्टी में सनी ड्रेस और राहगीरों के गिरे हौसले, गांव की बदहाली की मूक गवाही दे रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि “कई प्रधान आए, बड़ी-बड़ी बातें हुईं, पर सड़क वहीं की वहीं है।” कीचड़ से सनी गलियों में लोग जानवरों से भी बदतर हालात में जीने को मजबूर हैं। हर चुनाव से पहले वादों की गंगा बहाई जाती है, लेकिन नतीजा वही ढाक के तीन पात। जिन रास्तों से एंबुलेंस तक नहीं निकल सकती, वहां विकास की बातें करना खुद में एक मज़ाक बन गया है।
सबसे ज्यादा मार बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रही है। स्कूली बच्चों की ड्रेस कीचड़ में सराबोर हो जाती है, बुजुर्गों का गिरना आम बात हो गई है। गांव की जनता पूछ रही है — क्या सिर्फ वोट लेने के लिए हमसे वादे किए जाते हैं? क्या विकास सिर्फ कागज़ों में होता है? कटिया डंडी के हालात चीख-चीखकर कह रहे हैं कि अगर अब भी प्रशासन नहीं जागा, तो आने वाला वक्त और भी दलदली होगा।






