नेपाल के दाउन्ने में भारतीय कंटेनर अनियंत्रित होकर तीन बसों व बाइक से टकराया, कई घायल

जन एक्सप्रेस/ठूठीबारी: नेपाल राष्ट्र के नवलपुर जिले के दाउन्ने क्षेत्र में एक भारतीय नंबर प्लेट मालवाहक कंटेनर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में तीन बसों और एक मोटरसाइकिल को टक्कर लगने से कुल 9 लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिला प्रहरी कार्यालय नवलपुर के सूचना अधिकारी अनिल पंडित के अनुसार, सुनौली से नारायणघाट की ओर जा रहा यूपी 21 बीटी 2791 नंबर का भारतीय कंटेनर विनयी त्रिवेणी गांवपालिका–2 स्थित घिउखोला के पास ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित हो गया। इसके बाद कंटेनर ने सड़क पर चल रही तीन बसों और एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
बताया गया कि कंटेनर ने सबसे पहले काठमांडू से सुर्खेत जा रही कर्णाली प्रदेश 01–001 ख 1192 नंबर की बस को टक्कर मारी। इसके बाद उक्त बस काठमांडू से रोल्पा जा रही लुम्बिनी प्रदेश 01–001 ख 0822 नंबर की बस, भैरहवा से काठमांडू जा रही लु 2 ख 2475 नंबर की बस तथा बुटवल से चितवन जा रही कर्णाली प्रदेश 002 प 9570 नंबर की मोटरसाइकिल से जा टकराई।
दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार कालिकोट के रास्कोट नगरपालिका–6 निवासी 30 वर्षीय अमर कार्की और पीछे बैठे 25 वर्षीय महेंद्र महतारा घायल हो गए। इसके अलावा बस में सवार रोल्पा स्मृति गांवपालिका–4 के 44 वर्षीय शंकर बिष्ट, रोल्पा नगरपालिका–4 लिवांग के 47 वर्षीय उदीराम बिष्ट, रोल्पा–2 के 24 वर्षीय दर्शन पोखरेल, प्यूठान स्वर्गद्वारी नगरपालिका–7 के 60 वर्षीय यज्ञप्रसाद भुसाल, रामेछाप मन्थली नगरपालिका–12 के 34 वर्षीय विनोद कुमार अछामी, धरान–15 के 30 वर्षीय नाम्नु हाङ राई तथा सुनसरी नगरपालिका–5 के 34 वर्षीय चंद्र सिंह थापा भी घायल हुए हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।






