लखीमपुर खीरी

भारत-नेपाल सीमा के लोगों और गर्भवती महिलाओं को मिलेगी 24 घंटे स्वास्थ्य सेवा

लखीमपुर खीरी । पलिया कला में ग्राम त्रिकोलिया में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन पलिया विधायक रोमी साहनी द्वारा किया गया। इस दौरान उनके साथ सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता भी उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि विधायक रोमी साहनी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाने के उद्देश्य से निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। त्रिकोलिया में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ इसी उद्देश्य की सार्थकता का प्रमाण है। यहां ना सिर्फ ग्रामीण लोगों को बल्कि भारत नेपाल सीमा पर रह रहे लोगों को भी यहां पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। उन्हें अभी तक अपने क्षेत्र से कई किलोमीटर दूर तक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जाना पड़ता था, जो अब उनके ही क्षेत्र में उपलब्ध हो सकेंगी।

विधायक ने यह भी कहा कि यहां पर 24 घंटे इमरजेंसी सेवाओं के साथ-साथ टीकाकरण व अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही है। उप्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए उठाए जा रहे प्रयासों के फलस्वरूप ही यह संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि पलिया क्षेत्र में एक बड़ा क्षेत्र जंगल का भी है। यहां पर थारू जनजाति के लिए भी सरकार द्वारा तमाम योजनाएं चलाई जा रही हैं, जो उनके स्वास्थ्य को लेकर और उनके परिवार को लेकर अहम भूमिका निभा रही हैं। आने वाले समय में पलिया सहित थारू जनजाति क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक बेहतर करने का प्रयास सरकार द्वारा किया जाएगा। इसके लिए सरकार अभी से इस क्षेत्र में काम कर रही है।

सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता ने बताया कि भारत नेपाल सीमा से 17 किलोमीटर की दूरी पर स्थित इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से न सिर्फ भारत नेपाल सीमा के आसपास रहने वाले लोगों बल्कि इस क्षेत्र के ग्रामीणों को और अधिक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर करने के उद्देश्य से इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिकोलिया का शुभारंभ किया गया है। इसके लिए यहां पर इमरजेंसी सेवा टीकाकरण, ओपीडी, आईपीडी व परिवार नियोजन की कार्यक्रम 24 घंटे चलाए जाएंगे।

यहां पर एक फार्मासिस्ट, एक स्टाफ नर्स, एक एएनएम, एक सीएचओ, एक वार्ड ब्वॉय की तैनाती मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा कर दी गई है, जो अपनी निरंतर सेवाएं देंगे। सर्वप्रथम मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता द्वारा विधायक रोमी साहनी को बुके भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके उपरांत अधीक्षक डॉ. भरत सिंह व डॉ. अजीत सिंह द्वारा माल्यार्पण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button