अर्जुनपुर गांव में जलनिकासी संकट बना मुसीबत, गंदे पानी से स्कूल जा रहे मासूम बच्चे
ग्रामीणों की गुहार पर भी प्रशासन मौन, जिलाधिकारी से जल्द समाधान की मांग

जन एक्सप्रेस चित्रकूट (मऊ): मऊ तहसील के अंतर्गत ग्राम सभा खंडेहा के अर्जुनपुर गांव में जल निकासी की समस्या विकराल रूप ले चुकी है, जिससे ग्रामीणों का जीवन नारकीय हो गया है। गांव का मुख्य मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गया है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं का आना-जाना बेहद कठिन हो गया है।
गंदे पानी में डूब कर स्कूल जाने को मजबूर बच्चे
गांव के ग्रामीण शिवप्रकाश, रामकिशोर और बैजनाथ त्रिपाठी सहित कई लोगों ने बताया कि एक जुलाई से विद्यालय खुल चुके हैं, लेकिन गांव के मासूम बच्चे रोजाना दो से तीन फीट गहरे गंदे पानी से होकर स्कूल जाने को मजबूर हैं। नालियों और गलियों में भरे इस बदबूदार पानी से बच्चों में संक्रामक बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है।
कच्चे मकानों को खतरा, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
गांव में करीब एक दर्जन से अधिक कच्चे मकान लगातार पानी में डूबे हुए हैं। मकानों की दीवारें गलने लगी हैं, और किसी भी समय ध्वस्त हो सकती हैं। ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।
प्रशासनिक उदासीनता से नाराज़ ग्रामीण
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभागों और अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिए हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। “सुनवाई नहीं तो चुनाव में जवाब देंगे,” कहते हैं नाराज ग्रामीण। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि वे स्वयं स्थिति का संज्ञान लें और अर्जुनपुर गांव में शीघ्र जल निकासी की व्यवस्था कराएं, जिससे गांव को गंभीर संकट से राहत मिल सके।






