दिल्ली/एनसीआर

आईएनएस सुनयना पोर्ट लुइस से मॉरीशस के संयुक्त ईईजेड निगरानी के लिए रवाना

Listen to this article

नई दिल्ली । भारतीय जहाज आईएनएस सुनयना ने मॉरीशस के पोर्ट लुइस की यात्रा पूरी कर ली है। दो दिवसीय यात्रा के दौरान अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर संयुक्त योग सत्र और खेल कार्यक्रमों के दौरान भारतीय नौसेना और मॉरीशस राष्ट्रीय तटरक्षक बल के कर्मियों ने भाग लिया। पोर्ट लुइस से प्रस्थान के बाद आईएनएस सुनयना मॉरीशस के संयुक्त ईईजेड निगरानी के अगले चरण पर रवाना हो गया है।

जहाज की यात्रा के दौरान आईएनएस सुनयना के कमांडिंग ऑफिसर कमांडर प्रभात रंजन मिश्रा ने भारतीय उच्चायुक्त के. नंदिनी सिंगला और मॉरीशस पुलिस के आयुक्त अनिल कुमार डिप से मुलाकात की। बातचीत में समुद्री सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर परिचालन जुड़ाव और विश्वास निर्माण उपायों पर प्रकाश डाला गया। भारतीय जहाज के कर्मियों ने मॉरीशस तटरक्षक बल के साथ एक दोस्ताना वॉलीबॉल मैच में भाग लिया। पोर्ट लुइस के गया सिंह आश्रम में एक आउटरीच कार्यक्रम के दौरान बुजुर्गों की चिकित्सा जांच में हिस्सा लिया।

पोर्ट लुइस में लंगर के दौरान जहाज को आगंतुकों के लिए खोला गया था, जिसमें 200 से अधिक अतिथि सवार हुए। आगंतुकों को जहाज की क्षमताओं के बारे में जानकारी दी गई। पोर्ट लुइस से प्रस्थान के बाद आईएनएस सुनयना मॉरीशस के संयुक्त ईईजेड निगरानी के अगले चरण पर रवाना हो गया है। मॉरीशस राष्ट्रीय तटरक्षक बल के कर्मी प्रशिक्षण के लिए जहाज पर चढ़े। आईएनएस सुनयना की मॉरीशस यात्रा दोनों समुद्री देशों के बीच मित्रता और अंतर-संचालन के घनिष्ठ बंधन की पुष्टि करती है।

इससे पहले दक्षिणी नौसेना कमान में स्थित अपतटीय गश्ती पोत सुनयना ने 15 जून को सेशेल्स तटरक्षक जहाज जोरोस्टर के साथ पोर्ट विक्टोरिया, सेशेल्स में प्रवेश किया था। जोरोस्टर की हाल ही में भारत के गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड में संक्षिप्त मरम्मत की गई थी। आईएनएस सुनयना का सेशेल्स तटरक्षक और भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। यात्रा के दौरान भारतीय नौसेना और सेशेल्स रक्षा बलों के कर्मी क्रॉस डेक यात्राओं में शामिल हुए। तैनाती के दौरान जहाज ने सेशेल्स तटरक्षक के साथ संयुक्त ईईजेड की निगरानी में हिस्सा लिया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button