राजकीय सम्प्रेक्षण गृह चित्रकूट का निरीक्षण: कला कक्षा संचालित, बाल अपचारियों को निःशुल्क अधिवक्ता दिलाने के निर्देश
बाल अपचारियों से मिलकर जानी उनकी समस्याएं कला, क्राफ्ट, संगीत और थिएटर पर दिया गया विशेष जोर

जन एक्सप्रेस चित्रकूट:उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ द्वारा जारी एक्शन प्लान के क्रम में आज दिनांक 22.09.2025 को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चित्रकूट की सचिव वर्णिका शुक्ला द्वारा राजकीय सम्प्रेक्षण गृह किशोर, चित्रकूट का निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सम्प्रेक्षण गृह में कला की कक्षा संचालित की जा रही थी। माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार, बाल सुधार गृहों में रह रहे बच्चों को कला, क्राफ्ट, संगीत, नृत्य और थिएटर जैसी रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए अधीक्षक, काउंसलर व शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।सचिव ने सम्प्रेक्षण गृह में रह रहे बाल अपचारियों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उन्हें निःशुल्क अधिवक्ता सुविधा के बारे में जानकारी दी। महोबा, छतरपुर व बाँदा जनपदों के तीन बाल अपचारियों ने निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने की माँग की, जिस पर सचिव ने अधीक्षक को निर्देशित किया कि वे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय से पत्राचार कर संबंधित कार्यवाही सुनिश्चित करें।इसके अतिरिक्त, सम्प्रेक्षण गृह के रसोईघर और शौचालय का भी निरीक्षण किया गया। रसोईघर में सफाई संतोषजनक पाई गई, जबकि शौचालय की सफाई पर नाराजगी व्यक्त की गई। संस्था प्रभारी को शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।इस अवसर पर संस्था प्रभारी बीर सिंह, काउंसलर दीपक कुमार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।






