चित्रकूट में दिशा समिति की बैठक, विकास कार्यों में गति लाने के दिए निर्देश
जल जीवन मिशन, ग्रामीण आवास और स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा, अधिकारियों को कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश

जन एक्सप्रेस/चित्रकूट : कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सम्पन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता सांसद बांदा/चित्रकूट ने की। बैठक में विधायक चित्रकूट, विधायक मऊ-मानिकपुर, जिलाधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, ग्राम सड़क योजना, स्वच्छ भारत मिशन, स्मार्ट सिटी, कौशल विकास योजना सहित दर्जनों केंद्रीय और राज्य योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
सड़क और पानी पर विशेष जोर
माननीय सांसद ने कहा कि चित्रकूट में मुख्य रूप से सड़क और जल आपूर्ति की समस्या ज्यादा गंभीर है। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि निर्माणाधीन सड़कों को समय पर पूर्ण कर जनप्रतिनिधियों के माध्यम से लोकार्पण/शिलान्यास कराया जाए। जल जीवन मिशन के तहत चल रहे अधूरे कार्यों को तेज़ी से पूरा करने के लिए मैनपावर बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने जिलाधिकारी को जल जीवन मिशन से संबंधित एक अलग समीक्षा बैठक जनप्रतिनिधियों के साथ आयोजित करने का निर्देश भी दिया। साथ ही जिन गांवों में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति शुरू हो चुकी है, उनकी सूची फोटो सहित सभी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
विद्युत और भूमि सुधार पर भी चर्चा
बैठक में विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि जले हुए ट्रांसफार्मरों को तुरंत बदला जाए और जनप्रतिनिधियों के संपर्क नंबर अधिकारियों के पास सुरक्षित रहें, ताकि कोई भी शिकायत तुरंत हल हो सके।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को अभियान चलाकर ग्राम समाज व चकरोड की भूमि की माप कराकर विकास कार्यों के लिए उपयोग की जाने वाली जमीनों की पहचान करने को कहा गया।
गुणवत्ता और पारदर्शिता की अपील
सांसद ने कहा कि सभी विकास कार्य गुणवत्ता पूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरे किए जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने जताया आभार
मुख्य विकास अधिकारी ने बैठक के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का आभार जताया और आश्वासन दिया कि बैठक में उठाए गए मुद्दों और सुझावों का अनुपालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि जिन कार्यों की सूचियां जनप्रतिनिधियों ने मांगी हैं, उन्हें शीघ्रता से उपलब्ध कराया जाए।






