घरेलू गैस आपूर्ति सुचारु रखने के निर्देश, कालाबाजारी पर सख्ती
डीएम ने एसडीएम व गैस एजेंसियों के साथ की समीक्षा बैठक, औचक जांच और छापेमारी के निर्देश

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: जनपद में घरेलू गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा कालाबाजारी व अवैध भंडारण पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों (एसडीएम) और गैस एजेंसियों के जिला समन्वयकों के साथ ऑनलाइन बैठक कर स्थिति की समीक्षा की।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी एजेंसियों से गैस आपूर्ति की विस्तृत जानकारी ली और निर्देश दिया कि 85 से 95 प्रतिशत रिफिल सिलिंडर की आपूर्ति ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से सुनिश्चित की जाए। एजेंसियों के प्रभारी अधिकारियों ने बताया कि 21 मार्च 2026 को जनपद में कुल 8913 घरेलू गैस सिलिंडरों की बुकिंग हुई, जबकि औसत बुकिंग 11082 है। उसी दिन 12801 सिलिंडरों का स्टॉक उपलब्ध था, जिसके सापेक्ष 5661 सिलिंडरों की बिक्री की गई। फिलहाल वितरण व्यवस्था सुचारु है और किसी बड़ी समस्या की सूचना नहीं है।
जिलाधिकारी ने चारों तहसीलों के एसडीएम को निर्देशित किया कि वे क्षेत्रीय अधिकारियों के साथ लगातार भ्रमणशील रहकर एलपीजी गैस की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर नजर रखें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई एजेंसी या व्यक्ति इस तरह की गतिविधियों में लिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही वितरण प्रक्रिया, स्टॉक और बिक्री की आकस्मिक जांच करने के भी निर्देश दिए गए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जिलाधिकारी ने विशेष निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगे और ग्राहकों को नियमानुसार गैस उपलब्ध हो। होम डिलीवरी के दौरान किसी भी प्रकार की सुरक्षा समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। सभी गैस एजेंसियों और गोदामों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने चारों तहसीलों में प्रवर्तन दल गठित कर औचक छापेमारी करने, स्टॉक रजिस्टर और वितरण व्यवस्था की जांच करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, सभी एसडीएम तथा ईओसीएल, एचपीसीएल और बीपीसीएल के जिला प्रभारी उपस्थित रहे।






