
जन एक्सप्रेस देहरादून। उत्तराखंड कैडर के 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी लोकेश्वर सिंह इन दिनों अपनी किसी उपलब्धि के कारण नहीं, बल्कि उनके खिलाफ राज्य पुलिस शिकायत प्राधिकरण में चल रही सुनवाई को लेकर सुर्खियों में हैं। हिमाचल प्रदेश निवासी यह अधिकारी पिथौरागढ़ और पौड़ी जनपद के एसएसपी के रूप में कार्य कर चुके हैं। हाल ही में उनका चयन संयुक्त राष्ट्र से संबद्ध एक अंतरराष्ट्रीय संगठन में होने के बाद उन्होंने अक्टूबर 2025 में इस्तीफ़ा दिया है, हालांकि सूत्रों के अनुसार इसे अभी मंज़ूरी नहीं मिली है। इसी बीच उन्हें पौड़ी से देहरादून स्थानांतरित कर दिया गया।आईपीएस लोकेश्वर सिंह के खिलाफ प्राधिकरण में दो पुराने मामलों की सुनवाई पहले से चल रही है, जबकि एक नवीन शिकायत भी दर्ज की गई है।पहला मामला पौड़ी में एसएसपी रहते हुए कोटद्वार के पत्रकार सुधांशु थपलियाल की गिरफ्तारी से जुड़ा है। सुधांशु ने सड़क हादसे में मृत युवती से संबंधित एक पोस्ट अपने सोशल मीडिया पेज पर साझा किया था, जिसके बाद देर रात पुलिस टीम उन्हें घर से थाने ले गई और मानहानि सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर रातभर लॉकअप में रखा गया। पत्रकार का आरोप है कि मामले में पौड़ी एसएसपी लोकेश्वर सिंह की भूमिका रही। यही शिकायत अब प्राधिकरण में सुनवाई के अंतर्गत है।दूसरा मामला वर्ष 2023 का है, जब पिथौरागढ़ में एसएसपी रहते हुए लोकेश्वर सिंह पर व्यापारी लक्ष्मी दत्त जोशी को कार्यालय में बुलाकर मारपीट करने का आरोप लगाया गया था। यह मामला भी प्राधिकरण में विचाराधीन है।इसी वर्ष सितंबर में पौड़ी निवासी संदीप पोखरियाल ने भी प्राधिकरण में आईपीएस लोकेश्वर सिंह के खिलाफ नई शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर आगामी सुनवाई निर्धारित की जाएगी। इन तीनों शिकायतों पर प्राधिकरण क्रमवार कार्यवाही कर रहा है। वहीं, अधिकारी की ओर से इन मामलों पर अब तक कोई औपचारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।






