जौनपुर: सांड से टक्कर में मौत के बाद पीड़ित परिवार को मिला सहारा, शासन ने दी 4 लाख की आर्थिक सहायता

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: बदलापुर तहसील क्षेत्र के ग्राम छंगापुर में सांड से टक्कर की दर्दनाक घटना में हुई एक व्यक्ति की मौत के बाद अब पीड़ित परिवार को शासन की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। राज्य आपदा मोचन निधि के अंतर्गत मृतक की पत्नी को 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी गई है, जिससे परिवार को कठिन समय में कुछ राहत मिल सके।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम छंगापुर निवासी स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद की 12 अगस्त 2024 को एक दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। उस दिन वह अपनी पत्नी मीरा नायक के साथ मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक एक छुट्टा सांड से टक्कर हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर चोटों के कारण बाद में उनकी मृत्यु हो गई। इस दुखद घटना के बाद परिवार पर संकट का पहाड़ टूट पड़ा था।
घटना के बाद क्षेत्रीय लेखपाल द्वारा मामले की रिपोर्ट तैयार कर प्रशासन को सौंपी गई। इसके आधार पर पीड़ित परिवार को शासन की योजना के अंतर्गत सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू की गई। यह मामला आगे चलकर माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद तक भी पहुंचा, जहां से आवश्यक निर्देश जारी किए गए।
उच्च न्यायालय के आदेश के बाद जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने पूरे मामले का परीक्षण कराया। जांच में पाया गया कि शासनादेश के अनुसार सांड और नीलगाय जैसे वन्य या छुट्टा पशुओं के हमले से हुई मृत्यु को राज्य आपदा की श्रेणी में माना जाता है। ऐसे मामलों में पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर आवश्यक अभिलेखों की जांच कर उपजिलाधिकारी बदलापुर और तहसीलदार के माध्यम से पूरी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद 9 मार्च 2026 को मृतक की विधिक वारिस पत्नी मीरा नायक के बैंक खाते में 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि स्थानांतरित कर दी गई।
इस संबंध में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने बताया कि यह मामला बेहद संवेदनशील था और अन्य मामलों से अलग भी था। इसलिए इसे प्राथमिकता के आधार पर संज्ञान में लेकर माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के अनुरूप पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचे। किसी भी आपदा या दुर्घटना से प्रभावित परिवारों को सहायता देने के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत रहता है।
आर्थिक सहायता मिलने के बाद मृतक की पत्नी मीरा नायक ने प्रदेश के मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस मदद से उनके परिवार को कठिन समय में बड़ी राहत मिली है।
जिला प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में पात्र लोगों को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि किसी भी जरूरतमंद परिवार को योजनाओं के लाभ से वंचित न रहना पड़े।






