जौनपुर: संदिग्ध हाल में पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, इलाके में सनसनी

जन एक्सप्रेस/खुटहन : जौनपुर जिले के खुटहन थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटकता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना जिला मुख्यालय मार्ग स्थित सब्जी मंडी के पीछे नाले के पास की है, जहां शीशम के पेड़ की डाल से फंदे के सहारे युवक का शव लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान 29 वर्षीय कल्पनाथ गुप्ता उर्फ कक्कू मिस्त्री पुत्र रामलुटावन गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह कुछ ग्रामीण खेतों की ओर काम करने जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर पेड़ से लटक रहे शव पर पड़ी। यह दृश्य देखकर लोग सन्न रह गए और तुरंत शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को बुलाया।
कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मौजूदगी में शव को फंदे से नीचे उतारा गया। पहचान होने पर मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। शव देखते ही परिवार के लोग रोने-बिलखने लगे, जिससे पूरे इलाके का माहौल गमगीन हो गया।
बताया जा रहा है कि मृतक अपने छह भाइयों में तीसरे नंबर पर था और पंखा, कूलर तथा मोटर वाइंडिंग का काम करके परिवार का भरण-पोषण करता था। सोमवार की शाम उसने अपनी पत्नी को बताया था कि वह उस रात घर नहीं आएगा। इसके बाद मंगलवार सुबह उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला, जिससे घटना को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं।
मृतक के बड़े भाई अमरनाथ ने आरोप लगाया है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला हो सकता है। उनका कहना है कि किसी ने पहले हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मृतक के परिवार में उसकी पत्नी के अलावा पांच वर्षीय पुत्र प्रांजल, डेढ़ वर्षीय पुत्र प्रिंस और छह वर्षीय पुत्री प्रिया हैं। घटना के बाद से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






