जौनपुर: चैत्र नवरात्रि के पहले दिन शीतला चौकिया धाम में उमड़ा भक्तों का सैलाब, सुबह 3 बजे से शुरू हुए दर्शन

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व के पहले दिन जनपद जौनपुर के प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां शीतला चौकिया धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मां के दर्शन के लिए भक्त लंबी-लंबी कतारों में खड़े नजर आए और पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।
मंदिर के महंत महंत विवेकानंद ने जानकारी देते हुए बताया कि नवरात्रि के प्रथम दिन मां शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है।
उन्होंने बताया कि सुबह लगभग 3:00 बजे से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। सुबह 4:00 बजे मंदिर के कपाट खोले गए और 4:30 बजे की दिव्य आरती के बाद दर्शन का क्रम सुचारू रूप से शुरू कर दिया गया।
प्रशासनिक व्यवस्था चाक-चौबंद
महंत विवेकानंद ने मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संतोष जताया और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
-
मंदिर परिसर में पुलिस बल चप्पे-चप्पे पर तैनात है।
-
सादी वर्दी में पुलिसकर्मी और महिला कांस्टेबल भी सुरक्षा में लगे हैं।
-
सुबह 8:30 बजे तक लगभग 5 से 6 हजार श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
-
प्रशासन की मुस्तैदी से दर्शन व्यवस्था शांतिपूर्ण और सुगम बनी हुई है।
मां शैलपुत्री का विशेष श्रृंगार
महंत जी ने बताया कि मां शैलपुत्री को सफेद पुष्प, सफेद वस्त्र और सफेद मिष्ठान अत्यंत प्रिय हैं।
इसी को ध्यान में रखते हुए मंदिर में मां का भव्य श्रृंगार सफेद फूलों से किया गया है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
भक्त जयकारों के साथ मां का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं और पूरे चौकिया धाम में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।






