जौनपुर सुनीता राय को राज्यपाल महोदया द्वारा किया गया सम्मानित

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर,जिला उद्यान अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जनभवन, लखनऊ में आयोजित प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी–2026 का शुभारंभ मा० राज्यपाल आनन्दीबेन पटेल तथा मा० राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात, उत्तर प्रदेश दिनेश प्रताप सिंह के कर-कमलों द्वारा किया गया।
उक्त कार्यक्रम में जनपद जौनपुर के विकासखण्ड मुफ्तीगंज, ग्राम मेहौडा निवासी सुनीता राय को मशरूम की खेती में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मा० राज्यपाल महोदया द्वारा सम्मानित किया गया।
सुनीता राय की यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत परिश्रम और उद्यमशीलता का परिणाम है, बल्कि यह जनपद एवं प्रदेश में मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक उदाहरण भी प्रस्तुत करती है। उन्होंने 30 अप्रैल 2024 को मशरूम उत्पादन यूनिट की शुरुआत की थी, जिसने अत्यंत कम समय में 3.98 करोड़ रुपये का टर्नओवर प्राप्त कर एक नई मिसाल कायम की है।
गत वर्ष 204 मीट्रिक टन उत्पादन के सापेक्ष, चालू वित्तीय वर्ष में 450 मीट्रिक टन से अधिक उत्पादन का लक्ष्य उनकी व्यावसायिक दूरदर्शिता और प्रबंधन क्षमता को दर्शाता है। तकनीकी नवाचार के अंतर्गत उन्होंने कैनिंग यूनिट की स्थापना कर मशरूम की शेल्फ लाइफ को 3 दिन से बढ़ाकर 18 माह तक कर दिया है, जो इस क्षेत्र में एक गेम-चेंजर कदम माना जा रहा है।






