जौनपुर: हैवानियत की हद! देवर-ससुर पर केस किया तो 6 महीने की मासूम संग बहू को घर से निकाला

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहाँ एक विवाहिता को अपने ही ससुराल वालों के खिलाफ आवाज उठाना इतना भारी पड़ा कि उसे अपनी 6 महीने की दुधमुंही बच्ची के साथ चार दिनों तक कड़ाके की धूप और रात के अंधेरे में घर के बाहर और मंदिर में गुजारने पड़े। मामला जौनपुर के सिकरारा थाना क्षेत्र के सैदपुर डमरुआ गांव का है, जहां पीड़िता ने अब एसपी कुंवर अनुपम सिंह से न्याय की गुहार लगाई है।
देवर और ससुर पर छेड़खानी और मारपीट का गंभीर आरोप
पीड़िता एकता (नाम परिवर्तित) की शादी एक साल पहले सत्येंद्र मिश्र के साथ हुई थी। आरोप है कि पति के काम के सिलसिले में मुंबई जाने के बाद उसके देवर सुजीत मिश्र और ससुर शैलेंद्र की नीयत बिगड़ गई। पीड़िता के अनुसार, 4 मार्च की शाम जब वह अपनी भाभी से फोन पर बात कर रही थी, तभी देवर सुजीत कमरे में घुस आया और उसके साथ अश्लील हरकतें व निर्वस्त्र करने का प्रयास किया। ससुर पर आरोप है कि उन्होंने विरोध करने पर बेटे को उकसाया और पीड़िता का मोबाइल फोन तोड़ दिया।
1090 हेल्पलाइन ने बचाई जान, लेकिन पुलिस की ढिलाई पड़ी भारी
घटना के दौरान फोन अचानक कटने पर मायके वालों को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद 1090 महिला हेल्पलाइन पर शिकायत की गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़िता की जान बचाई और आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया। लेकिन असली मुसीबत तब शुरू हुई जब पुलिस ने पीड़िता को उसके ससुराल ले जाकर छोड़ दिया। केस दर्ज होने से नाराज ससुराल वालों ने पीड़िता को घर में घुसने नहीं दिया।
6 महीने की बच्ची के साथ 4 दिन मंदिर में रही पीड़िता
हैरानी की बात यह है कि छेड़खानी की शिकार महिला अपनी 6 महीने की मासूम बेटी को गोद में लेकर चार दिनों तक दरवाजे पर और मंदिर में पड़ी रही, लेकिन न तो ससुराल वालों का दिल पसीजा और न ही स्थानीय पुलिस ने उसे घर में प्रवेश दिलाने की जहमत उठाई। महिला हेल्पलाइन पर बार-बार गुहार लगाने के बाद भी जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो सोमवार को हारकर पीड़िता एसपी कार्यालय पहुंची।
एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने दिया सख्त कार्रवाई का आश्वासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए जौनपुर के एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने पीड़िता को न्याय का भरोसा दिलाया है। एसपी के हस्तक्षेप के बाद अब सिकरारा पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़िता को सुरक्षा दिलाने की दिशा में सक्रिय हुई है। पीड़िता ने ‘बाईट’ में बताया कि उसे उम्मीद है कि अब उसके साथ न्याय होगा और दोषियों को जेल भेजा जाएगा।





