उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

जौनपुर: कुकर बेचने के बहाने घर में घुसा बदमाश, बुजुर्ग महिला की सोने की चेन छीनी, ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ा

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जिले के जफराबाद थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में मंगलवार दोपहर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। यहां कुकर-कड़ाही बेचने के बहाने घर में घुसे एक युवक ने बुजुर्ग महिला की सोने की चेन छीनकर भागने की कोशिश की, लेकिन महिला के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी ज्ञान देवी, पत्नी स्वर्गीय उमाशंकर राय, उस समय घर पर अकेली थीं। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक उनके दरवाजे पर पहुंचा और खुद को बर्तन बेचने वाला बताते हुए कुकर और कड़ाही खरीदने की बात करने लगा। बातचीत के दौरान वह घर के अंदर झांककर स्थिति का अंदाजा लगाने लगा।

आरोप है कि जैसे ही युवक को घर में कोई दूसरा व्यक्ति नहीं दिखा, वह अचानक अंदर घुस गया और वृद्धा का गला तथा मुंह दबाकर उनके गले से सोने की चेन खींच ली। इस दौरान महिला के होंठ कट गए और खून निकलने लगा। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी तेजी से बाहर निकला और अपनी बाइक की ओर भागा, ताकि मौके से फरार हो सके।

हालांकि वृद्धा ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत बाहर निकल आए और बदमाश को पकड़ने के लिए दौड़ पड़े। इसी दौरान गांव के अंकित विश्वकर्मा और सुभाष विश्वकर्मा ने बहादुरी दिखाते हुए बाइक से भाग रहे आरोपी को पकड़ लिया। देखते ही देखते अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सूचना दे दी।

सूचना मिलते ही पास स्थित कल्याणपुर बाजार में मौजूद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। एसआई विजय प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से बाइक, चाकू और अन्य सामान भी बरामद किया है।

पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम कन्हैया पांडेय, पुत्र राजदेव पांडेय, निवासी कपिया निजामत, थाना महराजगंज, जिला सिवान (बिहार) बताया। उसने यह भी बताया कि वह अक्सर आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के आसपास रहकर आता-जाता रहता है।

पुलिस फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह अकेले इस घटना को अंजाम दे रहा था या इसके पीछे कोई गिरोह भी सक्रिय है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि ग्रामीण समय रहते सक्रिय न होते तो आरोपी आसानी से फरार हो सकता था। ग्रामीणों की सतर्कता और साहस के कारण आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button