जौनपुर: वाराणसी मंडल आयुक्त एस. राजलिंगम का कलेक्ट्रेट में औचक निरीक्षण
लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण व अभिलेखों के समुचित रख-रखाव के दिए निर्देश

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर वाराणसी मंडल के आयुक्त एस. राजलिंगम ने गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ०दिनेश चन्द्र की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों एवं पटलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने प्रशासनिक व्यवस्था, अभिलेखों के रख-रखाव एवं न्यायिक कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारी के पटल पर आर्थिक सहायता रजिस्टर, गार्ड फाइल, असलहा वरासत से संबंधित अभिलेख एवं एलबीसी पटल का विस्तृत अवलोकन किया गया। इसके पश्चात एआरके कक्ष का निरीक्षण करते हुए सबसे पुराने अभिलेखों व फाइलों, बिडिंग रजिस्टर तथा मूवमेंट रजिस्टर की जांच की गई। आयुक्त ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके उपरांत आयुक्त एस.राजलिंगम ने मुख्य राजस्व अधिकारी के न्यायालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लंबित एवं सबसे पुराने वादों से संबंधित फाइलों का अवलोकन करते हुए उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। विशेष रूप से धारा 34 से संबंधित मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ०कौस्तुभ, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) अजय अंबष्ट, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानन्द झा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सौरभ कुमार, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह, उप जिलाधिकारी सदर संतबीर सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।






