एक साल की जद्दोजहद के बाद मिला न्याय, DM के संज्ञान में आते ही दाखिल खारिज आदेश जारी
सीएम प्रभाव से प्रशासन जनहित में एक्शन मोड में, DM ने तीन दिन में दिलाया हक शीशमबाड़ा में खरीदी गई भूमि पर एक साल से लटका था दाखिल खारिज, अब हुआ समाधान

जन एक्सप्रेस देहरादून: सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटते-काटते थक चुकी ओगल भट्टा निवासी किरन देवी को आखिरकार एक साल बाद इंसाफ मिल गया। जिलाधिकारी सविन बंसल के संज्ञान में मामला आने के बाद केवल तीन दिन में दाखिल खारिज का आदेश जारी कर दिया गया। यह प्रशासनिक संवेदनशीलता और जनसुनवाई की प्रभावशीलता का ज्वलंत उदाहरण बनकर सामने आया है। किरन देवी ने बताया कि उनके पति अर्द्धसैनिक बल में कार्यरत हैं, और जून 2024 में शीशमबाड़ा क्षेत्र में 0.00082 हेक्टेयर भूमि खरीदी थी। लेकिन एक वर्ष तक दाखिल खारिज की फाइल सिर्फ टालमटोल का शिकार होती रही। वकील और संबंधित कार्यालयों के कर्मचारी न तो संतोषजनक जवाब दे सके, न ही प्रक्रिया आगे बढ़ी।
1 अगस्त 2025 को किरन देवी जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचीं और अपनी पीड़ा सुनाई, जिसके बाद जिलाधिकारी बंसल ने तत्काल तहसीलदार विकासनगर से रिपोर्ट तलब की। स्थिति स्पष्ट होते ही आदेश जारी करने की प्रक्रिया प्रारंभ हुई और तीन दिन में कार्य पूर्ण कर दिया गया। DM सविन बंसल ने निर्देश दिए कि ऐसे निर्विवाद दाखिल खारिज और विरासत संबंधी मामलों को तय समयसीमा में निस्तारित किया जाए, ताकि आमजन को प्रशासन पर विश्वास बना रहे और उन्हें अनावश्यक भटकना न पड़े।






